-संवाददाता-
कोरिया 02 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ की जिला कोरिया इकाई की बैठक में संगठनात्मक बदलाव को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया, बैठक में अमृतांशु मिश्रा को सर्वसम्मति से संगठन का कोरिया जिला अध्यक्ष घोषित किया गया, उनके नाम की घोषणा होते ही उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारी साथियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। बैठक के दौरान अमृतांशु मिश्रा ने संगठन की आजीवन सदस्यता भी ग्रहण की, इस अवसर पर कर्मचारी साथियों ने उनका स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिले में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को मजबूती के साथ संबंधित मंचों पर उठाया जाएगा।
कर्मचारी हितों के मुद्दों को प्राथमिकता देने की उम्मीद- नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अमृतांशु मिश्रा को संगठन के पदाधिकारियों ने सक्रिय,ऊर्जावान एवं कर्मचारियों के बीच सहज संवाद रखने वाला साथी बताते हुए उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया। पदाधिकारियों का कहना है कि कर्मचारी हितों से जुड़े कई मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं। ऐसे में नए नेतृत्व के सामने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ कर्मचारियों की समस्याओं को एकजुट होकर उठाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी,बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, सदस्यता विस्तार तथा कर्मचारियों से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने और जिले के अलग-अलग विभागों में कार्यरत कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।
संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प- जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद अमृतांशु मिश्रा ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ उठाने की बात कही,उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया,उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती सामूहिक प्रयासों से ही संभव है,कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए सभी साथियों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाएगा,उन्होंने कर्मचारी हितों से जुड़े मामलों में संगठन की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
पदाधिकारियों ने जताया विश्वास-बैठक में उपस्थित प्रदेश एवं संभागीय पदाधिकारियों सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने अमृतांशु मिश्रा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं, पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में कोरिया जिला इकाई में संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी और कर्मचारी हितों से जुड़े विषयों को प्रभावी तरीके से सामने रखा जा सकेगा, बैठक के अंत में उपस्थित कर्मचारी प्रतिनिधियों ने संगठन की एकजुटता बनाए रखने तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का संकल्प लिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur