-संवाददाता-
उदयपुर,02 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। मोबाइल चार्ज करने के चक्कर में किए गए जुगाड़ ने एक युवक की जान ले ली। घटना उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डोंडी की है। युवक चार्जर में अतिरिक्त तार जोडकर बोर्ड में लगाने के दौरान करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, घटना के समय मृतक रविन्द्र सिंह का चाचा ठाकुर सिंह एक सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे सब्जी लेने अपने भतीजे के घर गया था। घर के अंदर घुसते ही उसने देखा कि उसका भतीजा रविन्द्र जमीन पर गिरा हुआ है और छटपटा रहा है। चाचा को सामने देखकर भतीजे ने किसी तरह कहा करंट मार रहा है, तार छुड़ाओ। ठाकुर सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत बिजली बोर्ड से तार को हटाया, तो पता चला कि युवक ने मोबाइल चार्जर के तार में दूसरा तार जोडकर जुगाड़ से उसे प्लग में लगाया था। चार्ज करते समय तार में उसकी दोनों हाथों की उंगलियां चिपक गईं और वह बुरी तरह करंट की चपेट में आ गया। परिजन आनन-फानन में उसे सीएचसी उदयपुर लेकर भागे, यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उदयपुर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम करके मृतक के शव को पंचनामा, पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur