Breaking News

अम्बिकापुर@तंबाकू मांगने पर विवाद, रॉड से युवक के सिर पर किया हमला,इलाज के दौरान मौत

Share


सन्ना में प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर रेफर किया गया था,निजी अस्पताल से रायपुर रेफर होने पर पैसे के अभाव में परिजन घर ले गए

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। तंबाकू मांगने की बात को लेकर हुए विवाद में गांव के ही युवक ने 22 वर्षीय उमेश राम पर रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल उमेश का सन्ना अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर रेफर किया गया। निजी अस्पताल में इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर किया, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण परिजन उसे घर ले गए। तबीयत बिगड़ने पर दोबारा मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया,जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार उमेश राम पिता जुगे राम ग्राम डोभा का रहने वाला था। वह 28 अगस्त की रात करीब 9 बजे गांव में गया था। इस दौरान उसने गांव के ही रुस्तम से तंबाकू मांगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि तंबाकू मांगने से नाराज रुस्तम ने रॉड से उमेश के सिर पर हमला कर दिया। हमले में उमेश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे सन्ना अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर रेफर कर दिया। परिजन उसे अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां उपचार के बाद डॉक्टरों ने रायपुर रेफर कर दिया। लेकिन इलाज और रायपुर ले जाने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं होने के कारण परिजन उसे वापस घर ले गए। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने उमेश के इलाज के लिए आरोपी रुस्तम के पिता से आर्थिक मदद मांगी थी। इस पर उन्होंने कथित तौर पर कहा कि यदि थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएंगे तो इलाज के लिए रुपए नहीं देंगे। बाद में परिजन दोबारा रुपए मांगने पहुंचे, लेकिन मदद नहीं मिली। समुचित इलाज के अभाव में उमेश की तबीयत बिगड़ती गई। इसके बाद उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर में प्रसव सेवा शुरू….

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,01 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन में अम्बिकापुर के शहरी प्राथमिक …

Leave a Reply