ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित,नशामुक्त पंचायत बनाने ग्रामीणों ने शुरू किया जनजागरूकता अभियान
-संवाददाता-
लखनपुर,31 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। नशे के खिलाफ लखनपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत केवरी ने अनूठी पहल शुरू की है। पंचायत ने 1 सितंबर से गांव में शराब पीने, पिलाने और शराब के नशे में पहुंचने पर जुर्माना लगाने का निर्णय लिया है। इसको लेकर पंचायत प्रतिनिधि, महिला समूह और ग्रामीण रैली निकालकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। ग्राम सभा में पारित प्रस्ताव के अनुसार गांव में शराब पीने पर 5 हजार रुपए,शराब बनाने और पिलाने पर 5 हजार रुपए तथा शराब के नशे में पाए जाने पर 3 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। पंचायत की ग्राम सुधार समिति द्वारा घर-घर जाकर ग्रामीणों को नशे से दूर रहने की समझाइश दी जा रही है।
नशे से बढ़ रही थी घरेलू कलह
सरपंच मनिजर राम और ग्रामीणों ने बताया कि गांव में शराब की वजह से कई परिवार प्रभावित हो रहे थे। नशे की आदत से घरेलू विवाद बढ़ रहे थे और कई घर बर्बादी की ओर जा रहे थे। इसे देखते हुए पंचायत ने गांव को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का निर्णय लिया है।
ग्रामीणों ने किया पहल का स्वागत
पंचायत की इस मुहिम में युवा,महिलाएं और पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। जागरूकता रैली के दौरान ग्रामीणों ने अभियान का स्वागत करते हुए नशे से दूर रहने का संकल्प लिया। पंचायत का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और गांव को नशामुक्त बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur