बारिश और अंधेरे के बीच सड़क पर खड़े ट्रक में नहीं था कोई संकेतक, घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया भर्ती
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,31 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। खोपा धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो सड़क पर खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में बोलेरो सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई,जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है। हादसा सोनवाही जंगल के पास हुआ। जानकारी के अनुसार सीतापुर क्षेत्र के ग्राम लिचिरमा से कुछ लोग बोलेरो वाहन में सवार होकर खोपा धाम गए थे। दर्शन के बाद सभी बोलेरो से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सोनवाही जंगल के पास मार्ग पर एक ट्रक खड़ा था। बताया जा रहा है कि ट्रक के खड़े होने का संकेत देने के लिए कोई संकेतक या अन्य चेतावनी व्यवस्था नहीं थी। वहीं रात का अंधेरा होने के साथ बारिश भी हो रही थी। बारिश और अंधेरे के कारण बोलेरो चालक सड़क पर खड़े ट्रक को समय रहते नहीं देख सका और वाहन सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में रतनपुर सीतापुर निवासी श्याम सुंदर (56),पिता स्वर्गीय रतिराम की मौत हो गई। वहीं बोलेरो में सवार सुभाष,मंजू,राजकुमारी, राजकुमार और सुशीला घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया,जहां उन्हें भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि ट्रक सड़क पर लापरवाहीपूर्वक खड़ा किया गया था और उसके पीछे किसी प्रकार का संकेतक नहीं लगाया गया था। बारिश तथा अंधेरे के कारण सड़क पर खड़े ट्रक का अंदाजा बोलेरो चालक को नहीं लग सका और यह हादसा हो गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur