डिंडो चौकी पुलिस की कार्रवाई…16 जुलाई को 30 गोवंश को क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाने का था आरोप…
-संवाददाता-
डिंडो/बलरामपुर,31 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। डिंडो चौकी पुलिस ने गोवंश तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान इब्राहिम सिद्दीकी उर्फ डाबर (निवासी बीरेन्द्रनगर) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज था।
16 जुलाई को 30 गोवंश के साथ मिला था मामला
पुलिस के मुताबिक 16 जुलाई 2026 को बसंतपुर निवासी आशुतोष कुमार गुप्ता को सूचना मिली थी कि ग्राम बीरेन्द्रनगर स्थित क्रेशर के पास बड़ी संख्या में गाय,बैल और बछियों को रस्सियों से बांधकर ले जाने की तैयारी की जा रही है। सूचना के बाद ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचने पर करीब 30 रास गोवंश मिले। आरोप है कि इब्राहिम सिद्दीकी अपने दो अन्य साथियों के साथ गोवंश को ले जाने की तैयारी में था। ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले में शिकायत के आधार पर डिंडो चौकी में अपराध क्रमांक 54/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत कार्रवाई की।
डेढ़ महीने से चल रही थी तलाश
घटना के बाद से आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही थी। इसी दौरान 31 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर इब्राहिम सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया,जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur