Breaking News

अम्बिकापुर@ निर्धारित किराए से ज्यादा वसूली पर परिवहन विभाग की कार्रवाई,यात्रियों को लौटाई अतिरिक्त राशि

Share

अम्बिकापुर-रामानुजगंज और बिलासपुर रूट पर जांच में सामने आया मामला,दो बसों पर चालानी कार्रवाई
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,31 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
यात्री बसों में निर्धारित दर से अधिक किराया वसूले जाने की शिकायतों को परिवहन विभाग ने गंभीरता से लेते हुए बस स्टैंड अम्बिकापुर में जांच अभियान चलाया। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के निर्देश पर परिवहन उड़नदस्ता प्रभारी आसम्भर द्विवेदी के नेतृत्व में यात्री बसों की जांच की गई। इस दौरान अधिकारियों ने बसों में सफर कर रहे यात्रियों से सीधे किराए की जानकारी ली और निर्धारित दर से अधिक राशि वसूले जाने पर यात्रियों को अतिरिक्त राशि वापस कराई।
रामानुजगंज रूट पर अतिरिक्त किराया वापस
जांच के दौरान अम्बिकापुर से रामानुजगंज जाने वाली साधारण बस में यात्रियों से किराए की जानकारी ली गई। निर्धारित दर से अधिक किराया लिए जाने की स्थिति सामने आने पर परिवहन विभाग ने संबंधित यात्रियों को अतिरिक्त वसूली गई राशि वापस कराई।
बिलासपुर जाने वाले यात्रियों को भी मिली राहत
इसी तरह बिलासपुर रूट पर संचालित साधारण बसों की जांच में यात्रियों से 400 रुपए किराया लिए जाने की जानकारी सामने आई। निर्धारित दर से अधिक वसूली पाए जाने पर अतिरिक्त राशि यात्रियों को वापस कराई गई। परिवहन विभाग की मौके पर की गई कार्रवाई से यात्रियों को राहत मिली और बस संचालकों को भी निर्धारित किराए के पालन के संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए।
किराया सूची नहीं लगाने पर दो बसों पर कार्रवाई…
जांच के दौरान दो बसों में किराया सूची चस्पा नहीं करने और निर्धारित दर से अधिक किराया लेने का मामला सामने आया। परिवहन विभाग द्वारा दोनों बसों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बस संचालकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक यात्री बस में किराया सूची प्रमुख स्थान पर अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए,ताकि यात्रियों को निर्धारित किराए की जानकारी स्पष्ट रूप से मिल सके।
रायपुर रूट पर निर्धारित किराया मिला
परिवहन उड़नदस्ता द्वारा रायपुर की ओर संचालित बसों की भी जांच की गई। जांच के दौरान इन बसों में निर्धारित दर के अनुसार किराया लिया जाना पाया गया।
मनमाना किराया वसूली बर्दाश्त नहीं…
परिवहन विभाग ने बस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक किराया नहीं लिया जाए। यात्रियों को किराए की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए बसों में किराया सूची चस्पा करना भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने कहा गया है।
यात्रियों के हक में कार्रवाई…
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई को यात्रियों के हित में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूले जाने की स्थिति में मौके पर ही अतिरिक्त राशि वापस कराना इस बात का संकेत है कि यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने वालों पर विभाग की नजर है। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे बस में यात्रा करने से पहले किराया सूची जरूर देखें और निर्धारित दर से अधिक किराया लिए जाने पर संबंधित परिवहन विभाग को शिकायत करें।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ आदिवासी कला केंद्र मैदान को व्यावसायिक परिसर में बदलने का विरोध

Share छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने राज्यपाल,मुख्यमंत्री और कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन….-संवाददाता-अम्बिकापुर,31 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। …

Leave a Reply