

कार खड़ी करने को लेकर विवाद के बाद सड़क पर पीटा,सिर में गंभीर चोट,रायपुर रेफर
भाजपा नेता पर हमला कराने का आरोप,पुलिस ने दर्ज की एफआईआर….
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। शहर के दर्रीपारा में शनिवार रात कार खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में कांग्रेस मंडल अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह सिद्धू के साथ कुछ युवकों ने मारपीट कर दी। उन्हें बचाने पहुंची उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर सिद्धू के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कुछ युवक कांग्रेस नेता के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट में सिर पर चोट लगने के बाद गुरप्रीत सिंह को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया।
कार के सामने कार
खड़ी करने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, गुरप्रीत सिंह शनिवार शाम करीब 7.30 बजे कार से घर पहुंचे थे। वे कार को पोर्च में खड़ा करने के लिए मोड़ रहे थे। इसी दौरान साहिल साहू अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और कथित तौर पर गुरप्रीत सिंह की कार के सामने अपनी कार खड़ी कर रास्ता रोक दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों में गाली-गलौज और विवाद शुरू हो गया।
साथियों के पहुंचने के बाद बढ़ा विवाद : बताया गया कि साहिल ने अपने पिता सुनील साहू को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सुनील साहू,संजीव चटर्जी सहित कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद गुरप्रीत सिंह के साथ सड़क पर मारपीट की गई। शोर सुनकर उनकी पत्नी मौके पर पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। दोनों पक्षों की ओर से विवाद को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।
भाजपा नेता पर लगाया हमला कराने का आरोप : गुरप्रीत सिंह ने आरोप लगाया है कि हमले के पीछे भाजपा नेता प्रकाश साहू का हाथ है और उनके कहने पर मारपीट कराई गई। वहीं प्रकाश साहू ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि उनका नाम जबरन जोड़ा जा रहा है। शिकायत के बाद मणिपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने फिलहाल धाराओं और आरोपियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं।
दर्रीपारा मारपीट मामले में चार आरोपी गिरफ्तार,बुलेट जब्त
मणिपुर पुलिस व साइबर सेल की कार्रवाई,अन्य आरोपियों की तलाश जारी
दर्रीपारा में युवक से मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में मणिपुर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है। मामले में कुछ अन्य आरोपी फरार हैं,जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार दर्रीपारा निवासी गुरप्रीत सिंह सिद्धू ने 30 अगस्त को मणिपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 29 अगस्त की रात करीब 8.30 बजे साहिल साहू, राजा साहू सहित अन्य लोग उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने उसकी पिटाई कर गंभीर चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी से भी मारपीट की गई। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी साहिल साहू,सुनील साहू,अनिल चटर्जी उर्फ संजू,आयुष सहित अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके बाद पुलिस ने दर्रीपारा निवासी साहिल साहू (22),आयुष बरला (19),सुनील साहू (47) और अनिल कुमार चटर्जी उर्फ संजू (55) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur