- युवती को बचाने स्थानीय युवक ने एक किमी तक लगाई दौड़, पांचवीं कोशिश में रस्सी पकड़कर बची जान
- घुनघुट्टा नदी में बाइक समेत बहे थे दोनों, रविवार सुबह घटनास्थल से 3 किमी दूर मिला युवक का शव

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। मैनपाट घूमने आए केरल के युवक-युवती शनिवार शाम घुनघुट्टा नदी की तेज धार में बाइक समेत बह गए। स्थानीय युवक समशुद्दीन ने करीब एक किलोमीटर तक नदी किनारे दौड़ लगाकर रस्सी के सहारे युवती की जान बचा ली, लेकिन युवक तेज बहाव में बह गया। रविवार सुबह एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर नदी से उसका शव बरामद किया। केरल निवासी यदुकृष्णा (25) और गौरी नंदन (22) रायपुर में रहते थे। यदुकृष्णा नौकरी करता था,जबकि गौरी नंदन पढ़ाई कर रही थी। दोनों 29 अगस्त को ट्रेन से अंबिकापुर पहुंचे थे। इसके बाद किराए की बाइक से मैनपाट घूमने गए थे। शाम करीब 5 बजे दोनों कमलेश्वरपुर से टाइगर प्वाइंट की ओर जा रहे थे। रोपाखार के पास घुनघुट्टा नदी की पुलिया पर करीब ढाई फीट ऊपर पानी बह रहा था। इसके बावजूद युवक बाइक से पुलिया पार करने लगा। तेज बहाव में बाइक समेत दोनों नदी में बह गए।
एक किमी दौड़कर बचाई युवती की जान : दोनों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। युवती तैरकर बाहर निकलने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान स्थानीय युवक समशुद्दीन घर से रस्सी लेकर पहुंचा। उसने युवती को रस्सी देने की कई बार कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद वह नदी के किनारे करीब एक किलोमीटर तक दौड़ता रहा। पांचवीं कोशिश में युवती ने रस्सी पकड़ ली और समशुद्दीन ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सुबह मिला युवक का शव
यदुकृष्णा तेज बहाव में बह गया। अंधेरा होने के कारण शनिवार रात रेस्क्यू रोकना पड़ा। रविवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ ने तलाश शुरू की। करीब 9 बजे घटनास्थल से तीन किलोमीटर दूर नदी में शव मिलने की सूचना मिली। टीम ने शव बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur