कार पलटने के बाद मामला रफा-दफा करने में जुटे परिजन…सड़क किनारे खड़ी दो गाडि़यों को पीछे से मारी जोरदार टक्कर; बड़ा हादसा टला

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। शहर के व्यस्त रिंग रोड स्थित काली मंदिर के पास रविवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब नशे में धुत तीन नाबालिगों ने तेज रफ्तार कार चलाते हुए सड़क किनारे खड़ी दो गाडि़यों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना के बाद कार में सवार तीनों नाबालिग युवक मौके से फरार हो गए। दुर्घटना के कारण सड़क पर कुछ देर के लिए चक्काजाम की स्थिति निर्मित हो गई।
नशे में धुत थे तीनों नाबालिग, प्रत्यक्षदर्शियों में आक्रोश : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार बेहद तेज थी और उसमें सवार तीनों नाबालिग पूरी तरह नशे में धुत थे। लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्होंने सड़क किनारे खड़ी दो कारों को पीछे से बुरी तरह ठोक दिया, जिससे वे गाडि़यां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों को इकट्ठा होता देख तीनों आरोपी नाबालिग मौके का फायदा उठाकर भाग निकले। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस से इस मामले में कड़ी ‘ड्रंक एंड ड्राइव’ की धाराएं लगाने की मांग की है।
मामला दबाने और रफा-दफा करने में जुटे रहे परिजन : हादसे की खबर लगते ही दुर्घटनाग्रस्त कार चला रहे नाबालिगों के परिजन तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस की वैधानिक कार्रवाई और कानूनी पचड़े से बचने के लिए परिजन मौके पर ही पूरे मामले को संभालने और रफा-दफा करने की जुगत में जुट गए थे। क्षतिग्रस्त गाडि़यों के मालिकों को समझाने और मामला शांत कराने का प्रयास परिजनों द्वारा लगातार किया जाता रहा।
पुलिस कर रही है जांच,लगा जाम खुलवाया
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को बीच सड़क से हटवाया और बाधित हुए यातायात को बहाल कराया। पुलिस ने बताया कि कार को जब्त कर लिया गया है और फरार नाबालिग युवकों की पहचान की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पुलिस ड्रंक एंड ड्राइव और लापरवाही से वाहन चलाने के एंग्लस से मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur