Breaking News

राजपुर/बलरामपुर@एनएच-343 की बदहाली पर कांग्रेस का हल्लाबोल 3 सितंबर को सड़क पर लगेगा ‘बेशर्मी का पौधा’

Share


गड्ढे,कीचड़ और धूल से परेशान जनता के मुद्दे पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर करेगी प्रदर्शन

-संवाददाता-
राजपुर/बलरामपुर,29 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। राजपुर क्षेत्र की लाइफलाइन माने जाने वाले एनएच-343 की बदहाल स्थिति को लेकर अब सियासी विरोध तेज होने वाला है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर ने सड़क की जर्जर हालत के विरोध में 3 सितंबर को उग्र प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। कांग्रेस कार्यकर्ता इस दौरान सड़क के गड्ढों में ‘बेशर्मी का पौधा’ लगाकर शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे। कांग्रेस नेताओं द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, निर्माणाधीन एनएच-343 लंबे समय से गड्ढों,कीचड़ और धूल की समस्या से जूझ रहा है। बारिश में गड्ढों में पानी और कीचड़ भरने से आवागमन मुश्किल हो जाता है,वहीं मौसम साफ होने पर उड़ती धूल राहगीरों और सड़क किनारे रहने वाले लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती है।
गड्ढों से बचने में हादसों का खतरा : कांग्रेस का आरोप है कि सड़क की खराब हालत के कारण वाहन चालकों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों से बचने के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। वहीं वाहनों के क्षतिग्रस्त होने और यात्रा का समय बढ़ने से स्थानीय व्यापार एवं आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।
विकास का पौधा नहीं उगा तो लगाएंगे बेशर्मी का पौधा : कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्षों से सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से गड्ढों में ‘बेशर्मी का पौधा’ लगाया जाएगा। उनका कहना है कि जब सड़क पर विकास का पौधा नहीं उग पा रहा और गड्ढे तक नहीं भरे जा रहे हैं,तो इसी अंदाज में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
जवाबदेही तय करने की मांग…
कांग्रेस ने एनएच-343 के गड्ढों और कीचड़ से तत्काल राहत दिलाने, निर्माण एवं मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष निगरानी करने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार निर्माण एजेंसी और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। पार्टी ने कहा कि जनता को आश्वासनों के बजाय सुरक्षित और स्थायी सड़क चाहिए। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने 3 सितंबर के प्रदर्शन में क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों से शामिल होकर सड़क की समस्या के खिलाफ आवाज बुलंद करने की अपील की है।


Share

Check Also

रायपुर@ नमूना सहायक से FSO पदोन्नति पर दीपक अग्रवाल से सीधा सवाल…प्रावधान है तो Rule 2.1.3 की पूरी पात्रता और प्रशिक्षण का परीक्षण दिखाइए?

Share दीपक अग्रवाल से सवाल….यदि नियम है तो दिखाइए और नमूना सहायक से FSO पदोन्नति …

Leave a Reply