-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। रक्षाबंधन के दिन नमनाकला क्षेत्र में टूटे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक नाबालिग बच्चे की मौत हो गई। हादसा कार्मेल स्कूल के पास हुआ। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार कार्मेल स्कूल के समीप बिजली खंभे से हाईटेंशन तार टूटकर नीचे लटक रहा था। इसी दौरान साइकिल चला रहा बच्चा तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन तत्काल उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। रक्षाबंधन के त्योहार पर हुई इस घटना से परिजन सदमे में हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर के कई इलाकों में बिजली के तार जर्जर हालत में हैं और कई जगह तार नीचे तक लटक रहे हैं। इसके बावजूद समय रहते सुधार नहीं किया जा रहा है। लोगों ने बिजली विभाग से शहर में हाईटेंशन लाइनों और खंभों का निरीक्षण कर जर्जर व टूटे तारों को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि दोबारा इस तरह की घटना न हो।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur