Breaking News

कोलकाता@ममता बनर्जी की बढ़ी मुश्किलें…पूर्व सीएम पर हाईकोर्ट के आदेश के उल्लंघन का आरोप,पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

Share

कोलकाता,29 अगस्त 2026। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी के छात्र संगठन तृणमूल छात्र परिषद के आयोजकों के खिलाफ हेस्टिंग्स थाने में मामला दर्ज किया गया है। यह मामला 28 अगस्त को संगठन के स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के कथित उल्लंघन को लेकर दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, कार्यक्रम में शामिल समर्थकों ने कथित तौर पर बैरिकेड हटा दिए और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की। इसके अलावा कैथेड्रल रोड पर यातायात भी बाधित हुआ। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कार्यक्रम अदालत की ओर से तय समय सीमा खत्म होने के बाद भी जारी रहा। मामला भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 61(2), 223, 125(ए), 132 और 285 के तहत दर्ज किया गया है। तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने 28 अगस्त को अपने समर्थकों से राजनीतिक दबाव के आगे नहीं झुकने और भाजपा में शामिल नहीं होने की अपील की। उन्होंने अपनी पार्टी की छात्र इकाई तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद के स्थापना दिवस कार्यक्रम में कहा था कि उनकी पार्टी जल्द ही सत्ता में वापस आएगी और एक नया राजनीतिक इतिहास लिखेगी। ममता बनर्जी ने कहा, ‘मैं अपने साथियों से कहती हूं कि मजबूत और निडर बने रहें। जरूरत पड़े तो एक महीने तक जेल का खाना खाएं, लेकिन राजनीतिक रूप से आत्मसमर्पण न करें।’ उन्होंने पार्टी के युवा समर्थकों से कहा कि तृणमूल कांग्रेस ही उनके लिए एकमात्र सहारा है। उन्होंने कहा कि युवाओं और महिलाओं को इस लड़ाई को आगे बढ़ाना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके जैसे लोग, जो छात्र राजनीति से उठकर सत्ता तक पहुंचे हैं, उन्हें डराया नहीं जा सकता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य के सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में जल्द ही छात्र संघ चुनाव कराए जाएंगे। विपक्ष और अन्य वर्गों की ओर से लंबे समय से छात्र संघ चुनाव कराने की मांग की जा रही है।


Share

Check Also

नई दिल्ली@हल्द्वानी में उनकी सभा के बाद मंच का शुद्धीकरण हुआ,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दोषियों पर एक्शन लें

Share नई दिल्ली,29 अगस्त 2026। राहुल गांधी दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। …

Leave a Reply