Breaking News

रायपुर@ बिलासपुर की मंजू राय चौधरी से हुआ संपर्क कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई थीं महिला

Share

रायपुर,29 अगस्त 2026। नेपाल में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के कारण कई इलाकों में हालात गंभीर बने हुए हैं। इस प्राकृतिक आपदा के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने नेपाल में मौजूद प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर प्रशासन लगातार वहां मौजूद छत्तीसगढ़ के लोगों से जुड़ी जानकारी जुटा रहा है। अभी तक मिली सूचनाओं के अनुसार प्रदेश से जुड़े नौ नागरिकों की स्थिति के बारे में जानकारी सामने आई है। इनमें रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित बताए गए हैं और वे भारत लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं। वहीं बिलासपुर और सरगुजा से जुड़े दो लोगों के लापता होने की सूचना है।
बिलासपुर की मंजू राय चौधरी से हुआ संपर्क : नेपाल में कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए गईं बिलासपुर निवासी 65 वर्षीय मंजू राय चौधरी के संबंध में प्रशासन को महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। उनके परिजनों से संपर्क स्थापित हो चुका है। प्रशासन की ओर से उपलब्ध सूचनाओं का सत्यापन किया जा रहा है और नेपाल में संबंधित एजेंसियों के साथ आवश्यक समन्वय भी किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि नेपाल में मौजूद प्रत्येक नागरिक की स्थिति की सही जानकारी जल्द से जल्द प्राप्त हो सके।
रायपुर के पांच नागरिक सुरक्षित, लौटने की तैयारी : रायपुर के माना क्षेत्र से जुड़े पांच नागरिकों के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। इनमें दिनेश ओझा, प्रेम सिंह जगत,नारायण सेन,यतेंद्र प्रकाशी और दिनेश सिंह ठाकुर शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक,सभी पांचों नागरिक 21 अगस्त को नेपाल गए थे। वहां बाढ़ और भूस्खलन से हालात बिगड़ने के बाद उन्होंने वापस लौटने का फैसला किया। फिलहाल सभी नागरिक सुरक्षित हैं और रायपुर लौटने के लिए रवाना हो चुके हैं।
दो नागरिकों के लापता होने से बढ़ी चिंता
छत्तीसगढ़ से जुड़े दो अन्य नागरिकों की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। बिलासपुर और सरगुजा से संबंधित इन दोनों लोगों के लापता होने की सूचना प्रशासन तक पहुंची है। इसके बाद संबंधित जिला प्रशासन ने उनकी तलाश और स्थिति का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए हैं। नेपाल में संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों से संपर्क कर इन दोनों नागरिकों की जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों को भी उपलब्ध सूचनाओं से लगातार अवगत कराने का प्रयास किया जा रहा है।
नेपाल प्रशासन से लगातार संपर्क में राज्य सरकार
छत्तीसगढ़ सरकार नेपाल में मौजूद नागरिकों की सुरक्षा को लेकर केंद्रीय एजेंसियों और नेपाल प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है। जिला प्रशासन के स्तर पर भी सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों तक सहायता पहुंचाने और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता फिलहाल नागरिकों की स्थिति की पुष्टि करना और जरूरत पड़ने पर तत्काल मदद उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिए लगातार निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश के बाद संबंधित विभाग नेपाल में मौजूद छत्तीसगढ़ के नागरिकों से जुड़ी हर सूचना पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि जैसे-जैसे नेपाल से नई जानकारी सामने आएगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सरकार प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर रही है।


Share

Check Also

रायपुर@ नमूना सहायक से FSO पदोन्नति पर दीपक अग्रवाल से सीधा सवाल…प्रावधान है तो Rule 2.1.3 की पूरी पात्रता और प्रशिक्षण का परीक्षण दिखाइए?

Share दीपक अग्रवाल से सवाल….यदि नियम है तो दिखाइए और नमूना सहायक से FSO पदोन्नति …

Leave a Reply