11 कार्टून में 550 पाव बरामद, ‘फॉर सेल इन एमपी’ अंकित शराब की कीमत करीब 66 हजार रुपये;आरोपी गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल
-संवाददाता-
कोरिया,29 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। जिले में अवैध शराब के परिवहन, तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश से लाई जा रही 99 लीटर अवैध शराब जब्त की है, कार्रवाई में 11 कार्टून में रखे 550 पाव गोवा व्हिस्की बरामद किए गए। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 66 हजार रुपये बताई गई है। कलेक्टर रोक्तिमा यादव के निर्देश पर रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ निगरानी बढ़ाई गई है,इसी अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
‘फॉर सेल इन एमपी’ अंकित थी शराब
आबकारी विभाग के अनुसार कार्रवाई के दौरान इंद्रप्रताप पिता चन्दन राम, उम्र 34 वर्ष,निवासी ग्राम सांवला,थाना पोड़ी-बचरा के कब्जे से 11 कार्टून में रखी गोवा व्हिस्की बरामद हुई। प्रत्येक कार्टून में शराब के पाव रखे हुए थे, कुल 550 पाव, जिसकी मात्रा 99 लीटर है, जब्त की गई, बरामद शराब के कार्टून पर ‘फॉर सेल इन एमपी’ अंकित पाया गया,इससे प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि शराब मध्यप्रदेश से लाई गई थी और उसे जिले में खपाने की कोशिश की जा रही थी, मामले में आबकारी विभाग ने शराब के स्रोत और इसके परिवहन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच शुरू की है।
अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2),36 एवं 59 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया, कार्रवाई के बाद आरोपी को सीजेएम न्यायालय,बैकुंठपुर के समक्ष पेश किया गया, न्यायालय के आदेश पर आरोपी को 14 दिवस की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पटना-पोड़ी-बचरा क्षेत्र पर विशेष निगरानी
जिले में अवैध शराब की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है, विशेष रूप से पटना एवं पोड़ी-बचरा क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर आबकारी विभाग की नजर है,कलेक्टर ने आबकारी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए, होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य स्थानों पर भी निगरानी बढ़ाने तथा अवैध गतिविधियां पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहार के मद्देनजर अभियान जारी
रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर शराब की मांग बढ़ने की संभावना को देखते हुए आबकारी विभाग द्वारा जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है, विभाग की टीमें अवैध शराब के निर्माण,भंडारण, परिवहन और बिक्री की सूचना पर कार्रवाई कर रही हैं,99 लीटर शराब की इस जब्ती को इसी अभियान की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है,‘फॉर सेल इन एमपी’ अंकित शराब की बरामदगी से अंतरराज्यीय शराब तस्करी की आशंका भी सामने आई है, जिसके चलते जांच में यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि शराब कहां से लाई गई और इसे जिले में किन स्थानों पर खपाया जाना था।
अवैध कारोबारियों को सख्त संदेश
आबकारी विभाग की कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों को सख्त संदेश देने का प्रयास किया गया है,विभाग का कहना है कि जिले में अवैध मदिरा के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, कलेक्टर के निर्देश के बाद आबकारी विभाग की सक्रियता से जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज हुई है, अब जांच में यह सामने आना बाकी है कि जब्त शराब के पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है या यह खेप किसी स्थानीय कारोबारी तक पहुंचाई जा रही थी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur