मैनपाट की बरिमा खदान में मार्ग बाधित करने और वाहन चालकों को धमकाने की शिकायत
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,२6 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। मैनपाट तहसील के ग्राम बरिमा स्थित सीएमडीसी की बॉक्साइट खदान से खनिज परिवहन कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (सीएमडीसी) के उप महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय अधिकारी की शिकायत पर कमलेश्वरपुर पुलिस ने एक पर नामजद व अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार बरिमा स्थित 54.268 हेक्टेयर क्षेत्र में सीएमडीसी की बॉक्साइट खदान है। यहां पूर्व में उत्पादित और खदान परिसर में भंडारित बॉक्साइट का नियमानुसार परिवहन किया जा रहा है। आरोप है कि 1 जुलाई से 25 अगस्त के बीच ग्राम बरिमा निवासी कुंज बिहारी यादव और अन्य लोगों ने परिवहन मार्ग पर बैठकर और जमीन पर लेटकर वाहनों की आवाजाही रोकने का प्रयास किया। सीएमडीसी के क्षेत्रीय कार्यालय दीपक कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित लोग परिवहन मार्ग पर बैठकर आने-जाने वाले वाहनों को खदान में नहीं आने देने की धमकी भी दे रहे थे। सीएमडीसी और ठेकेदार के प्रतिनिधियों ने कई बार उन्हें समझाइश देकर परिवहन कार्य बाधित नहीं करने को कहा, लेकिन इसके बावजूद व्यवधान जारी रहा। शिकायत में कहा गया है कि लगातार विरोध के कारण खदान का अमला भयभीत है। परिवहन कार्य प्रभावित होने से शासन के राजस्व हित पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। सीएमडीसी के क्षेत्रीय कार्यालय दीपक कुमार गुप्ता की रिपोर्ट पर कमलेश्वरपुर पुलिस ने कुंज बिहारी समेत अन्य पर अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur