Breaking News

सूरजपुर@ टेट के खिलाफ शिक्षकों का शंखनाद,सूरजपुर में गूंजी ‘टेट मुक्ति’ की आवाज

Share


शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने निकाली रैली, पांच सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री शिक्षा मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
-संवाददाता-
सूरजपुर,25 अगस्त 2026(घटती-घटना)।
शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, वेतन विसंगति, पुरानी सेवा अवधि की गणना,बीएड ब्रिज कोर्स तथा भर्ती-पदोन्नति नियमों से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर सोमवार, 25 अगस्त को जिला मुख्यालय सूरजपुर में शिक्षकों ने ‘टेट मुक्ति रैली’ निकालकर अपनी आवाज बुलंद की, शिक्षक संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में आयोजित रैली में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए, शिक्षकों ने हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर नारेबाजी की और शासन से लंबित मुद्दों पर ठोस एवं निर्णायक पहल की मांग की। रैली के बाद शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव एवं संचालक के नाम जिला कलेक्टर को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों के कारण उनके सेवा, वेतन और भविष्य से जुड़े विषय प्रभावित हो रहे हैं। सरकार से इन मामलों का समयबद्ध समाधान करने की मांग की गई।
टेट की बाध्यता बना सबसे बड़ा मुद्दा- रैली का प्रमुख मुद्दा शिक्षक पात्रता परीक्षा की बाध्यता रहा, शिक्षक संघर्ष मोर्चा का कहना है कि लंबे समय से सेवाएं दे रहे शिक्षकों के बीच टेट को लेकर नौकरी और सेवा सुरक्षा संबंधी चिंता बनी हुई है, संगठन ने सरकार से मांग की कि सेवारत शिक्षकों की परिस्थितियों और उनकी लंबी सेवा को ध्यान में रखते हुए टेट के संबंध में स्पष्ट, व्यावहारिक और न्यायसंगत समाधान निकाला जाए, शिक्षकों का कहना है कि वर्षों से विद्यालयों में सेवाएं देकर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने वाले शिक्षकों के भविष्य को लेकर अनिश्चितता दूर करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
पुरानी सेवा गणना और वेतन विसंगति का मुद्दा भी उठा-रैली में शिक्षकों ने पुरानी सेवा अवधि की गणना का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया, शिक्षकों का कहना है कि लंबे समय तक सेवा देने के बावजूद पुरानी सेवा अवधि का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाने से उनके आर्थिक और सेवा संबंधी हित प्रभावित हो रहे हैं,इसके साथ ही शिक्षकों ने केंद्रीय वेतनमान के अनुरूप वेतन व्यवस्था तथा विभिन्न शिक्षक संवर्गों में व्याप्त वेतन विसंगतियों को दूर करने की मांग रखी, उनका कहना है कि वेतन संबंधी विसंगतियों के समाधान से शिक्षकों को आर्थिक राहत मिलने के साथ उनके मनोबल पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
बीएड ब्रिज कोर्स पर शीघ्र निर्णय की मांग- ज्ञापन में बीएड ब्रिज कोर्स से संबंधित विषय को भी शामिल किया गया। संगठन के अनुसार बड़ी संख्या में शिक्षक लंबे समय से इस संबंध में शासन स्तर पर स्पष्ट निर्णय की प्रतीक्षा कर रहे हैं, शिक्षकों ने सरकार से प्रक्रिया को शीघ्र आगे बढ़ाने और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।
भर्ती-पदोन्नति नियमों में बदलाव की मांग- शिक्षकों ने भर्ती एवं पदोन्नति नियम 2026 में मौजूद असंतुलन और विसंगतियों को दूर करने की मांग भी रखी। शिक्षक संघर्ष मोर्चा का कहना है कि शिक्षक संवर्ग से जुड़े नियम स्पष्ट, व्यावहारिक और न्यायसंगत होने चाहिए, ताकि भर्ती और पदोन्नति की प्रक्रिया में अनावश्यक विवाद तथा असमंजस की स्थिति पैदा न हो।
शिक्षकों ने कहा…मांगों पर चाहिए ठोस निर्णय-शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रांतीय संचालक केदार जैन,वीरेंद्र दुबे एवं संजय शर्मा के आह्वान पर प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों में टेट मुक्ति रैली आयोजित की गई, सूरजपुर में जिला संचालक सचिन त्रिपाठी, यादवेंद्र दुबे एवं भूपेश सिंह ने कहा कि प्रदेश के शिक्षक लंबे समय से सेवा, सम्मान, वेतन और भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं, उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान केवल प्रशासनिक प्रक्रिया का विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध शिक्षा व्यवस्था की स्थिरता और शिक्षकों के मनोबल से भी है, शिक्षकों ने स्पष्ट किया कि 25 अगस्त की टेट मुक्ति रैली उनके लंबित मुद्दों को शासन तक मजबूती से पहुंचाने का सामूहिक प्रयास है,संगठन ने सरकार से पांच सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध और सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई, शिक्षकों ने कहा कि मांगों का समाधान नहीं होने की स्थिति में वे लोकतांत्रिक और संगठित तरीके से अपनी आवाज आगे भी उठाते रहेंगे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@लक्ष्य कॉलेज ऑफ नर्सिंग की शिकायतों की जांच के लिए तीन सदस्यीय दल गठित

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,25 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। सीतापुर के लक्ष्य कॉलेज ऑफ नर्सिंग में अध्ययनरत बीएससी नर्सिंग …

Leave a Reply