गुमगराकला स्कूल में कक्षा 9वीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों को किया गया निःशुल्क साइकिल वितरण
-संवाददाता-
लखनपुर,25 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुमगराकला में निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की गई। साइकिल मिलने से विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद सदस्य नीतू धर्मेन्द्र झारिया ने विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार की इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालय तक पहुंचने में सुविधा देना और उनकी पढ़ाई को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान किया। कार्यक्रम को पूर्व जनपद सदस्य धर्मेन्द्र झारिया एवं ग्राम पंचायत गुमगराकला की सरपंच कलावती उर्रे ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि ओम प्रकाश साहू, विधायक प्रतिनिधि एवं पूर्व एसएमडीसी अध्यक्ष गौरीशंकर साहू, एसएमसी अध्यक्ष रीना कुशवाहा, शिवप्रताप उर्रे, उपाध्यक्ष सुनील सिंह मरकाम, पूर्व सरपंच लोकनाथ उर्रे, कपूर साहू, शिवलाल साहू, रजत लाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur