तीन-चार साल से एमएसएसव्हीपी बालिका गृह में रह रहीं थीं अब इटली में नए माता-पिता के साथ शुरू करेंगी नई जिंदगी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। नशे की लत के कारण माता-पिता द्वारा त्यागी गई दो बहनों को अब नया परिवार मिल गया है। 11 और 10 वर्ष की दोनों बहनों रानी व अर्चना को इटली के दंपति ने विधिवत गोद लिया है। करीब तीन से चार वर्ष तक एमएसएसव्हीपी बालिका गृह में रहने के बाद दोनों बहनें अब अपने नए माता-पिता के साथ इटली जाएंगी। एमएसएसव्हीपी बालिका गृह में 8 मई को दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया के तहत दोनों बच्चियों की इटली के दंपति दत्तक माता एलिना और दत्तक पिता फेडरिको एलिको से मुलाकात कराई गई। इस दौरान अपर कलेक्टर ने भी दंपति और बच्चियों से बातचीत की। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 अगस्त को प्रशासन ने दोनों बच्चियों को दंपति को सौंप दिया।
परिजनों की तलाश,नहीं मिली जानकारी : बालिका गृह की संचालिका मीरा शुक्ला ने बताया कि दोनों बहनें करीब चार वर्ष पहले बालिका गृह आई थीं। उनके माता-पिता नशे के आदी थे और उन्होंने बच्चियों को छोड़ दिया था। बालिका गृह की टीम ने उनके परिजनों की काफी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।
कारा वेबसाइट से हुआ दत्तक ग्रहण : दोनों बच्चियों को केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (कारा) की वेबसाइट के माध्यम से दत्तक ग्रहण के लिए पंजीकृत किया गया था। इटली के दंपति ने वेबसाइट के जरिए दोनों बच्चियों को गोद लेने में रुचि दिखाई। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्चियों की राय भी ली गई। दोनों ने नए माता-पिता के साथ इटली जाने और उनके साथ रहने की सहमति दी।
तीन माह तक सिखाई अंग्रेजी : संचालिका ने बताया कि दंपति पहली बार मई में इटली से अंबिकापुर पहुंचे थे। इस दौरान बच्चियों से उनकी मुलाकात कराई गई। दोनों बच्चियों को नए वातावरण में सहज बनाने के साथ अंग्रेजी भाषा की समझ के लिए करीब तीन माह तक अंग्रेजी की कक्षाएं भी कराई गईं। अब दोनों बहनें अपने नए परिवार के साथ इटली में नई जिंदगी शुरू करेंगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur