Breaking News

उदयपुर@ सावन के अंतिम सोमवार को देवगढ़-महेशपुर में उमड़ा आस्था का सैलाब

Share


हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक,सुबह से मंदिरों में लगी कतारें…महेशपुर के प्राचीन गणेश मंदिर में भी उमड़ी भक्तों की भीड़
-संवाददाता-
उदयपुर,24 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
सावन के अंतिम सोमवार को सरगुजा जिले के प्रमुख शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। उदयपुर क्षेत्र के देवगढ़ और महेशपुर स्थित महादेव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे भक्तों ने कतार में लगकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा। सावन के अंतिम सोमवार को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मंदिरों में दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कई भक्त पैदल और कांवड़ लेकर भी मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध और बेलपत्र अर्पित कर भगवान भोलेनाथ की आराधना की। पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिभाव और उत्साह का माहौल बना रहा। महेशपुर महादेव मंदिर से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित भगवान गणेश मंदिर में भी सावन के अंतिम सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
स्थानीय लोगों के अनुसार वर्ष 2021 में यहां भगवान गणेश की मूर्ति मिलने के बाद से यह स्थान लगातार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्थानीय मान्यता है कि यहां स्थापित गणेश प्रतिमा के आकार में लगातार वृद्धि हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार वर्ष 2021 से ही मंदिर परिसर में दीपक और धुनी निरंतर जल रही है। सावन के अंतिम सोमवार को यहां भी सुबह से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। भक्तों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना की।
आस्था के साथ प्रशासन ने संभाली व्यवस्था : सावन के अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं की संख्या बढऩे की संभावना को देखते हुए स्थानीय प्रशासन की ओर से भीड़ प्रबंधन और व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित करने के साथ अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। देवगढ़ और महेशपुर में दिनभर भक्तिमय माहौल रहा। शिवालयों में गूंजते हर-हर महादेव के जयघोष और श्रद्धालुओं की भीड़ ने सावन के अंतिम सोमवार को आस्था और श्रद्धा के पर्व में बदल दिया।


Share

Check Also

खड़गवां@ बचरा-पोड़ी में मध्यप्रदेश की शराब का ‘खेल’! कम कीमत में बिक्री के आरोप,पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल

Share सीमावर्ती क्षेत्र से शराब आने की चर्चा,स्थानीय स्तर पर खुलेआम खपाने का आरोपचौकी प्रभारी …

Leave a Reply