Breaking News

अम्बिकापुर@ टीईटी अपात्र शिक्षकों की वरिष्ठता सूची जारी नहीं होने पर शिक्षक कल्याण संघ ने दिया अंतिम अल्टीमेटम

Share


पदोन्नति प्रक्रिया में देरी से शिक्षकों में आक्रोश,मांग पूरी नहीं होने पर संभाग स्तर पर आंदोलन की चेतावनी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,24 अगस्त 2026 (घटती-घटना)
। टीईटी अर्हता सहित वरिष्ठता सूची जारी कर शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया समय-सीमा में पूरी करने की मांग को लेकर टीईटी उत्तीर्ण शिक्षक कल्याण संघ छत्तीसगढ़ ने सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक,लोक शिक्षण संभाग को अंतिम अल्टीमेटम दिया है। संघ ने चेतावनी दी है कि मांगों का निराकरण नहीं होने पर संभाग स्तर पर उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश मिश्रा ने 24 अगस्त को संयुक्त संचालक को दिए पत्र में कहा है कि संगठन की ओर से 14 जुलाई, 11 अगस्त और 20 अगस्त को ज्ञापन सौंपकर पदोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की मांग की जा चुकी है। 10 अगस्त को दिए गए निर्देश के अनुसार पदोन्नति प्रक्रिया 15 अगस्त तक पूर्ण किया जाना था। इसके बावजूद बार-बार ध्यानाकर्षण और मांग पत्र सौंपे जाने के बाद भी टीईटी अर्हता दर्शाने वाली अंतिम वरिष्ठता सूची का प्रकाशन नहीं किया गया है। संघ का आरोप है कि इसके कारण पदोन्नति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। संघ ने विभाग से मांग की है कि अंतिम वरिष्ठता सूची तत्काल जारी की जाए और पदोन्नति प्रस्ताव तैयार किया जाए।
साथ ही पूरी प्रक्रिया की समय-सारणी सार्वजनिक करने की मांग की गई है, जिसमें डीपीसी की तिथि, पदोन्नति आदेश जारी करने की तिथि और काउंसिलिंग की तिथि स्पष्ट हो। संघ ने 6 अगस्त को जारी स्थानांतरण आदेशों के फलस्वरूप रिक्त हुए पदों को भी पदोन्नति गणना में शामिल करने तथा इसकी शालावार जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है। संघ का कहना है कि विभागीय स्तर पर हो रही देरी और लापरवाही से शिक्षकों में भारी आक्रोश है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि मांगों का निराकरण करते हुए वरिष्ठता सूची जारी नहीं की गई और निर्धारित समय तक पदोन्नति आदेश जारी नहीं किए गए तो संघ संभाग स्तर पर उग्र आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।


Share

Check Also

खड़गवां@ बचरा-पोड़ी में मध्यप्रदेश की शराब का ‘खेल’! कम कीमत में बिक्री के आरोप,पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल

Share सीमावर्ती क्षेत्र से शराब आने की चर्चा,स्थानीय स्तर पर खुलेआम खपाने का आरोपचौकी प्रभारी …

Leave a Reply