Breaking News

अम्बिकापुर @ दादी प्रकाशमणि की स्मृति में रक्तदान शिविर,60 यूनिट रक्त संग्रहित

Share


80 लोगों ने कराया पंजीयन,63 वर्षीय अजय तिवारी ने 111 वीं बार रक्तदान कर पेश की मिसाल
-संवाददाता-
अम्बिकापुर 24 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
ब्रह्माकुमारीज संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यतिथि को विश्व बंधुत्व दिवस के रूप में मनाते हुए ब्रह्माकुमारीज अंबिकापुर सेवा केंद्र नव विश्व भवन, चोपड़ापारा में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। भारत और नेपाल में 21 से 25 अगस्त तक चल रहे रक्तदान अभियान के तहत 23 अगस्त को आयोजित इस शिविर में 80 लोगों ने पंजीयन कराया और 60 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत, डॉ. शैलेंद्र गुप्ता,डॉ. रोशनी,वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी,मंगल पांडेय,अनिल कुमार मिश्रा और ब्रह्माकुमारी राजयोगिनी विद्या दीदी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
‘किसी का जीवन बचाना सबसे बड़ा योगदान’ : महापौर मंजूषा भगत ने दादी प्रकाशमणि जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि कई बार समय पर रक्त उपलब्ध नहीं होने से मरीजों की जान खतरे में पड़ जाती है। ऐसे में रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने इस मानवीय पहल के लिए ब्रह्माकुमारीज संस्थान की सराहना की। सेवा केंद्र की संचालिका बीके विद्या दीदी ने कहा कि दादी प्रकाशमणि जी का जीवन विश्व कल्याण,शांति और सर्व की सेवा के लिए समर्पित रहा। उनके विचारों को आगे बढ़ाते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति को रक्त देकर उसके जीवन में आशा जगाना दादी जी के सेवा भाव को सच्ची श्रद्धांजलि है।
देशभर में एक लाख यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य : बीके विद्या दीदी ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज संस्थान द्वारा इस महाअभियान के अंतर्गत एक लाख यूनिट रक्त संग्रहित करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान का उद्देश्य रक्त की जरूरत वाले मरीजों के लिए उपलब्धता बढ़ाने के साथ लोगों को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करना है।
पुलिस,समाजसेवियों और विभिन्न वर्गों की सहभागिता : शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विशेष शाखा अमोलक सिंह ढिल्लो, एसडीओपी राकेश बघेल, वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश प्रसाद जायसवाल,पशुधन विकास विभाग के अतिरिक्त उपसंचालक डॉ. सीके मिश्रा,सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी उमेश कुशवाहा,वरिष्ठ शिक्षक लल्लू भाई,युवा समाजसेवी अनिल कुमार मिश्रा, प्रकाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारीज भाई-बहन और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने रक्तदान किया। शिविर में 50 वर्ष से अधिक आयु के कई लोगों ने भी रक्तदान किया,जो अन्य लोगों के लिए प्रेरणादायक रहा।
रक्तदाताओं को मिला सम्मान : रक्तदान करने वाले लोगों को ब्रह्माकुमारीज की ओर से प्रमाण पत्र एवं ईश्वरीय सौगात तथा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, वरिष्ठ समाजसेविका वंदना दत्ता,एसडीओपी प्रतापपुर महालक्ष्मी कुलदीप, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीडी साहू एवं डॉ. ज्योति साहू सहित अन्य लोगों ने दादी प्रकाशमणि जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय सह अस्पताल की टीम ने रक्त संग्रहण किया। टीम में चिकित्सकों के साथ काउंसलर अंजुला मिश्रा, स्टाफ नर्स रीता थॉमस, जिला लैब टेक्नीशियन हरिहर सिंह, लैब टेक्नीशियन संध्या सिंह, ग्लोरिया तिर्की एवं संगीता पैकरा शामिल रहीं। 60 यूनिट रक्त संग्रह के साथ संपन्न हुआ यह शिविर सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदना का संदेश दे गया।
63 वर्षीय अजय तिवारी ने 111 वीं बार किया रक्तदान
शिविर में वरिष्ठ समाजसेवी 63 वर्षीय अजय तिवारी विशेष आकर्षण रहे। उन्होंने अपने जीवन में पहले 110 बार रक्तदान किया था और इस शिविर में 111वीं बार रक्तदान कर मिसाल कायम की। उनके इस योगदान ने खासकर उम्रदराज लोगों को लेकर बनी रक्तदान संबंधी भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया। अजय तिवारी ने लोगों से स्वस्थ रहते हुए नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
डॉक्टरों ने बताए रक्तदान के फायदे
शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की डॉ. रोशनी ने रक्तदान के महत्व और इसके लाभों की जानकारी दी। उन्होंने स्वस्थ व पात्र लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की और कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। विशिष्ट अतिथि डॉ. शैलेंद्र गुप्ता, जिला क्षय रोग अधिकारी एवं नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ, ने भी रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया। वरिष्ठ समाजसेवी मंगल पांडेय ने कहा कि रक्तदान की शुरुआत अपने परिवार और परिचितों को प्रेरित करने से की जानी चाहिए। वहीं अजय तिवारी और अनिल कुमार मिश्रा ने भी उपस्थित लोगों को रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया।


Share

Check Also

खड़गवां@ बचरा-पोड़ी में मध्यप्रदेश की शराब का ‘खेल’! कम कीमत में बिक्री के आरोप,पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल

Share सीमावर्ती क्षेत्र से शराब आने की चर्चा,स्थानीय स्तर पर खुलेआम खपाने का आरोपचौकी प्रभारी …

Leave a Reply