गरियाबंद,24 अगस्त 2026 । गरियाबंद पुलिस ने ‘ऑपरेशन निश्चय’के तहत अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। देवभोग थाना क्षेत्र के खुटगांव अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर हुई कार्रवाई में करीब दो करोड़ रुपये मूल्य का 400 किलोग्राम गांजा, 6.50 लाख रुपये की नगदी, एक आयशर (मेटाडोर), एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए। एंड-टू-एंड कार्रवाई के तहत पुलिस ने ओडिशा से मुख्य सप्लायर को भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क की अहम कड़ी तक पहुंच बनाई।
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के मार्गदर्शन में सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा, इसी क्रम में सोमवार देर रात एनएच-130सी स्थित खुटगांव चेक पोस्ट पर ओडिशा की ओर से आ रहे नारंगी रंग के आयशर वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तिरपाल के नीचे छिपाकर रखे गए पैकेटों में गांजा मिला। चालक और उसके साथी से पूछताछ के दौरान पता चला कि उनके आगे एक मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति रास्ता दिखाते हुए चल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को भी दबोच लिया। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर ओडिशा के कालाहांडी जिले से मुख्य सप्लायर विनोद दिसारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से गांजा कारोबार में इस्तेमाल किए गए पांच लाख रुपये भी बरामद किए गए।
मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थ के अलावा परिवहन में प्रयुक्त आयशर वाहन, मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और कुल 6.50 लाख रुपये की नगदी भी जब्त की है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क की पड़ताल जारी है।गिरफ्तार आरोपियों में संतोष अनंता मोहिते (49) निवासी खारघर, जिला रायगढ़ (महाराष्ट्र), सुमित सुभाष थोड़वे (35)निवासी पुणे (महाराष्ट्र), पंकज अनंता मोहिते (47) निवासी खालापुर, जिला रायगढ़ (महाराष्ट्र), जलंधर खम्हारी (43)निवासी कोकसर, जिला कालाहांडी (ओडिशा) तथा विनोद दिसारी (40) निवासी डेंगागुड़ा, थाना आमपानी, जिला कालाहांडी (ओडिशा) शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि खेप ओडिशा से अन्य राज्यों तक पहुंचाई जानी थी। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
बहरहाल गरियाबंद पुलिस की इस कार्रवाई ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के संगठित नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। अब जांच एजेंसियां इस रैकेट से जुड़े अन्य सदस्यों, आर्थिक लेन-देन और सप्लाई चेन की कडि़यां खंगाल रही हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur