कक्षा 9 वीं की छात्राओं को साइकिल वितरण,मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा…गांवों में बदल रही तस्वीर
-संवाददाता-
खड़गवां/एमसीबी,22 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। शासकीय स्कूल ठग्गांव में सत्र 2026-27 के तहत कक्षा 9वीं की छात्राओं के लिए साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की 18 छात्राओं को साइकिल वितरण योजना का लाभ मिला, साइकिल मिलने से छात्राओं में उत्साह दिखाई दिया,कार्यक्रम में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए,कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई,इसके बाद छात्राओं ने बैच लगाकर मुख्य अतिथि मंत्री, प्राचार्य नीतू सहित अतिथियों का स्वागत किया,विद्यालय की सचिव वंदना,शिक्षक,जनप्रतिनिधि, छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम में मौजूद रहे।
पानी से लेकर स्कूल की जमीन तक उठे सवाल-कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन ने क्षेत्र तथा स्कूल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की ओर मंत्री का ध्यान आकर्षित कराया,बताया गया कि मोटर चोरी होने के बाद विद्यालय में पानी की समस्या बनी हुई है, इसके तत्काल समाधान की मांग रखी गई, विद्यालय परिसर की करीब 5 एकड़ भूमि पर अतिक्रमण की समस्या भी सामने रखी गई। साथ ही सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल निर्माण और मैदान के समतलीकरण की मांग की गई,ग्रामीणों के अनुसार बाउंड्रीवाल और मैदान समतलीकरण की मांग लंबे समय से लंबित है,विद्यालय परिसर में‘एक पेड़ मां के नाम’अभियान के तहत पौधारोपण गतिविधियों का भी उल्लेख किया गया। वहीं सरपंच ने गांव में 189 आवास स्वीकृत होने की जानकारी दी।
मंत्री ने कहा…गांवों में लगातार हो रहा विकास-कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क,सीसी रोड,पुल-पुलिया सहित बुनियादी सुविधाओं से जुड़े अनेक कार्य पूरे हो चुके हैं और कई कार्य प्रगति पर हैं,उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि गांवों तक विकास की सुविधाएं लगातार पहुंचती रहें,मंत्री ने महतारी सदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पंचायतों और महिलाओं की विकास में भागीदारी बढ़ाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है,उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी भागीदारी को समाज और विकास की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
केंद्र की योजनाओं का भी किया उल्लेख-मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर में शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, स्वच्छता अभियान के माध्यम से शौचालय निर्माण को जनआंदोलन बनाया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ा बदलाव आया,उन्होंने कहा कि पक्के मकान, सड़क,बिजली,पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से गांवों की तस्वीर लगातार बदल रही है।
बच्चों से पूछा…बना है पक्का मकान?- कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने छात्राओं और विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पूछा कि उनके घर पक्के मकान बने हैं या नहीं,मौजूद विद्यार्थियों में करीब 90 प्रतिशत ने पक्के मकान होने की बात कही,मंत्री ने इसे आवास योजनाओं की पहुंच का उदाहरण बताया,उन्होंने कहा कि छात्राओं को साइकिल मिलने से स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी और उनकी पढ़ाई जारी रखने में भी मदद मिलेगी।
समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश-विद्यालय में पानी की समस्या को देखते हुए मंत्री ने ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल मोटर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए,वहीं स्कूल की जमीन पर कथित अतिक्रमण की समस्या के समाधान के लिए पंचायत स्तर पर पहल करने पर जोर दिया गया,कार्यक्रम में साइकिल वितरण के साथ शिक्षा,आवास,सड़क,पानी और विद्यालय की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे भी सामने आए,अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि कार्यक्रम में दिए गए निर्देश जल्द जमीन पर दिखाई देंगे और लंबे समय से लंबित स्कूल संबंधी समस्याओं का समाधान होगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur