साइबर अपराध पर बढ़ाएं जागरूकता
-संवाददाता-
बलरामपुर,22 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने जिला स्तरीय अपराध समीक्षा बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के साथ अपराध नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था,लंबित अपराधों, शिकायतों और आगामी अपराध नियंत्रण रणनीति की समीक्षा की गई। एसपी ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित गंभीर अपराधों के साथ चीटफंड,धोखाधड़ी और लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीडि़तों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। एनडीपीएस मामलों की समीक्षा करते हुए नशे के कारोबार के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच करने के निर्देश दिए गए। नशे के कारोबार में इस्तेमाल होने वाले आर्थिक नेटवर्क की जांच के लिए फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन पर जोर दिया गया। जब्त वाहनों के राजसात की कार्रवाई भी तेजी से करने को कहा गया। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चल रहे साइबर जागृति अभियान के तहत आम लोगों को साइबर अपराध के नए तरीकों की जानकारी देने पर जोर दिया गया। बैठक में म्यूल अकाउंट, फेक ्रक्क्य,ह्रभ्क्क फ्रॉड और सोशल इंजीनियरिंग जैसे साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। महिला अपराध और पॉक्सो एक्ट के मामलों की जांच प्राथमिकता से पूरी कर त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बच्चों की तलाश, बरामदगी और पुनर्वास पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती
सड़क सुरक्षा को लेकर शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने तथा बिना हेलमेट और सीटबेल्ट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बेसिक पुलिसिंग मजबूत करने पर जोर
एसपी ने असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखने, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त मजबूत करने को कहा। बैठक के अंत में उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ जनता की सेवा करने का संदेश दिया। बैठक में एसडीओपी वाड्रफनगर रामअवतार ध्रुव, एसडीओपी कुसमी अलेक्सिस टोप्पो, एसडीओपी रामानुजगंज बाजीलाल सिंह, डीएसपी मुख्यालय प्रमोद किस्पोट्टा, एसडीओपी बलरामपुर याकूब मेमन, डीएसपी आजाक कमलेश्वर भगत सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur