राजपुर-कुसमी मार्ग पर रात 2 बजे हुआ हादसा, पिकअप में चालक समेत 11 लोग थे सवार,दो गंभीर घायलों को रायपुर किया रेफर
-संवाददाता-
राजपुर/बलरामपुर,22 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। राजपुर-कुसमी मार्ग पर शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार बॉक्साइट ट्रक और मजदूरों से भरी पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। ग्राम सेवारी हाई स्कूल के पास रात करीब 2 बजे हुए इस भीषण हादसे में पिकअप सवार तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि चालक समेत आठ लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रतापपुर से शंकरगढ़ जा रहे थे मजदूर : राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह के मुताबिक पिकअप में चालक समेत 11 मजदूर सवार थे। सभी प्रतापपुर क्षेत्र से शंकरगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सेवारी हाई स्कूल के पास सामने से आ रहे बॉक्साइट से लदे ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
तीनों मृतक सूरजपुर जिले के : हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सूरजपुर जिले के चंदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम नरौला (चौकी रेवटी) निवासी रनसाय गोंड (34), उदय कुमार गोंड (25) और अमर साय गोंड (35) के रूप में हुई है।
चालक समेत 8 घायल
दुर्घटना में पिकअप चालक अन्नू कुजूर (58) के अलावा देव कुमार मरावी,भानु प्रताप,प्रेम साय, अजय कुमार,लक्ष्मण कुमार,प्रदीप और राम सिंह घायल हुए हैं। हादसे के बाद घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद सभी को मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया। अंबिकापुर में इलाज के दौरान भानु प्रताप और अजय कुमार की हालत गंभीर होने पर दोनों को रायपुर रेफर कर दिया गया। वहीं पिकअप चालक अन्नू कुजूर का इलाज राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की चीरघर में रखे गए हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur