Breaking News

अम्बिकापुर@ आईसीयू की छत से टपक रहा पानी,बचाने लेना पड़ा तिरपाल का सहारा

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मेडिकल आईसीयू की छत बारिश में जवाब देने लगी है। छत से पानी टपकने और जगह-जगह पानी जमा होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों और महंगे उपकरणों को बचाने के लिए तिरपाल लगा दिया है। पानी की नमी से आईसीयू में सीलन की स्थिति बन गई है, जिससे संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार पिछले दिनों हुई बारिश के बाद मेडिकल आईसीयू की छत में कई जगह पानी भर गया था। छत से रिसकर पानी बेड और वेंटिलेटर के पास तक पहुंच गया। स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने आनन-फानन में आईसीयू की छत पर तिरपाल लगवाया, ताकि पानी अंदर न पहुंचे और मरीजों को सुरक्षित रखा जा सके। मेडिकल आईसीयू में गंभीर मरीज भर्ती रहते हैं। यहां वेंटिलेटर, मॉनिटर सहित कई महंगे और संवेदनशील उपकरण लगे हैं। छत से पानी टपकने के कारण उपकरणों के खराब होने के साथ ही शॉर्ट सर्किट का खतरा भी बना हुआ है। मेडिकल आईसीयू की छत की समस्या नई नहीं है। करीब तीन साल पहले बारिश के दौरान नमी के कारण यहां लगी फॉल्स सीलिंग का एक हिस्सा गिर गया था। इसके बाद तत्कालीन चिकित्सा अधीक्षक ने भी ऊपर से शेड लगाने की जरूरत बताई थी। इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो सका। पुराने अस्पताल भवन की जर्जर हालत के कारण इस बार भी बारिश में जगह-जगह छत से पानी टपकने की स्थिति सामने आई है। अस्पताल के चिकित्सक भी मान रहे हैं कि आईसीयू जैसे संवेदनशील वार्ड में सीलन और नमी से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
उनका कहना है कि बारिश के दौरान ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए स्थायी समाधान जरूरी है। मेडिकल आईसीयू की छत में पानी जमा होने की स्थिति बनी थी। इसे देखते हुए तिरपाल लगाया गया है। वर्तमान कलेक्टर के संज्ञान में भी मामला लाया गया है और कलेक्टर ने नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
डॉ. अर्पण सिंह,आईसीयू प्रभारी


Share

Check Also

सूरजपुर @ बीएमएस के आह्वान पर श्रमिक हितों को लेकर सूरजपुर में जोरदार प्रदर्शन

Share -संवाददाता-सूरजपुर,21 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के आह्वान पर केंद्र सरकार की …

Leave a Reply