बलौदाबाजार,20 अगस्त 2026। जिले के 23 वर्षीय योगेश साहू ने टीवी क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति 18 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 लाख रुपये जीत लिए। योगेश के सामने 1 करोड़ रुपये का सवाल भी आया, लेकिन उन्होंने जोखिम लेने के बजाय गेम क्विट कर 50 लाख रुपये की राशि अपने नाम कर ली। ग्राम टेहका निवासी योगेश की कहानी उनकी जीत से भी ज्यादा प्रेरणादायक है। आईआईटी बॉम्बे में टॉपर रह चुके योगेश ने कैंपस प्लेसमेंट में मिली करीब 1.5 लाख रुपये प्रति माह की नौकरी छोड़ दी, क्योंकि उनका लक्ष्य पीएससी पास कर आईएएस अधिकारी बनना है। वह फिलहाल सिविल सेवा मुख्य परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। योगेश के पिता गयाराम साहू महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस के ड्राइवर हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद योगेश ने पढ़ाई में लगातार बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने पीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा भी पहले प्रयास में पास की है।
50 लाख के सवाल ने दिलाई बड़ी जीत
केबीसी में 50 लाख रुपये के सवाल में योगेश से शहर और साल से जुड़ी एक पहेली पूछी गई थी। विकल्पों में त्रिशूर,मैसूर,अल्मोड़ा और तिरुचिरापल्ली शामिल थे। योगेश ने अपनी आखिरी लाइफलाइन ‘संकेत सूचक’ का इस्तेमाल किया। हिंट मिलने के बाद उन्होंने सवाल में दिए वर्षों को नोबेल पुरस्कार से जोड़ते हुए सही उत्तर तिरुचिरापल्ली चुना। यह जवाब सही निकला और योगेश ने 50 लाख रुपये जीत लिए। इसके बाद उनके सामने 1 करोड़ रुपये का सवाल आया,लेकिन योगेश ने आगे जोखिम नहीं लिया और 50 लाख रुपये लेकर गेम से बाहर होने का फैसला किया।
बिना सोशल मीडिया के पढ़ाई पर फोकस
योगेश की सफलता की एक खास बात यह भी है कि वह मोबाइल का इस्तेमाल बेहद कम करते हैं और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखते हैं। उनकी शुरुआती पढ़ाई बलौदाबाजार में हुई। आगे की पढ़ाई के दौरान कई लोगों ने उनकी आर्थिक मदद की, जिसके बाद उन्होंने आईआईटी बॉम्बे में दाखिला लेकर इलेक्टि्रकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। मुंबई से लौटने पर भाटापारा रेलवे स्टेशन पर ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने योगेश का जोरदार स्वागत किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur