प्रेमनगर पुलिस ने नाकाबंदी कर बोलेरो को पकड़ा,वाहन छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था आरोपी, गांजा परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो भी जब्त
-संवाददाता-
सूरजपुर,20 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सूरजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, प्रेमनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 88 किलो 430 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 44 लाख रुपये बताई गई है, पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, इसी क्रम में 19 अगस्त 2026 की रात प्रेमनगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की बोलेरो क्रमांक सीजी 16 सीएन 7570 में अवैध गांजा परसाकेत से बचरापोड़ी, जिला कोरिया की ओर ले जाया जा रहा है।
रघुनाथपुर चौक पर पुलिस ने की नाकाबंदी- मुखबिर की सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रेमनगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और ग्राम रघुनाथपुर चौक के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध बोलेरो वाहन को रोकने का प्रयास किया, पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर बस्ती की ओर भागने की कोशिश की, पुलिस टीम ने पीछा करते हुए घेराबंदी की और वाहन चालक को ब्रम्हपुर क्षेत्र में पकड़ लिया, पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम उमरे आजम उर्फ नान्हू खान, पिता स्व. अयुब खान, उम्र 40 वर्ष,निवासी ग्राम पोड़ी (बचरा), थाना बैकुंठपुर, जिला कोरिया बताया, पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि पुलिस द्वारा वाहन रोकने का प्रयास किए जाने के बाद उसने बोलेरो को अस्पताल परिसर में छिपा दिया और वाहन छोड़कर बाइक से लिफ्ट लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, आरोपी ने पुलिस को यह भी बताया कि बोलेरो वाहन में गांजा रखा हुआ है।
आरोपी की निशानदेही पर मिला गांजा
आरोपी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस टीम उसे लेकर संबंधित स्थान पर पहुंची, पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बोलेरो वाहन की तलाशी ली, जहां से 88 किलो 430 ग्राम गांजा बरामद किया गया,पुलिस ने गांजे को जब्त कर लिया, जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 44 लाख रुपये बताई गई है,पुलिस ने गांजे के साथ उसके परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 20(बी)(ढ्ढढ्ढ)(ष्ट) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है,पुलिस अब मामले में गांजे के स्रोत,उसके संभावित खरीदार और इसके परिवहन से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच कर सकती है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
इस कार्रवाई में एएसआई गुड्डू कुशवाहा, सुप्रियन टोप्पो,पीएसआई पुलेश्वर ध्रुव,प्रधान आरक्षक विनय किस्पोट्टा,प्रमोद लकड़ा तथा आरक्षक सत्यम सिंह,हरिशचंद दास,दीपक यादव,बृजेश काशी और संतोष ठाकुर की सक्रिय भूमिका रही।
नशे के खिलाफ अभियान जारी रखने का दावा
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी,उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार केवल किसी एक व्यक्ति के जीवन को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इससे परिवार और पूरे समाज पर गंभीर असर पड़ता है,उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, परिवहन या भंडारण से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें,पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस और आम जनता के सामूहिक सहयोग से ही जिले को नशे के अवैध कारोबार से मुक्त करने की दिशा में प्रभावी परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur