Breaking News

अम्बिकापुर@कामयाबी के लिए मेहनत,आत्मविश्वास और साहस जरूरीः पर्वतारोही समीरा खान

Share


मॉन्टफोर्ट स्कूल में साइकिल यात्रा पर निकली पर्वतारोही का आत्मीय स्वागत, विद्यार्थियों से साझा किए रोमांचक सफर के अनुभव

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। लक्ष्य बड़ा हो तो रास्ते में आने वाली मुश्किलें भी छोटी लगने लगती हैं। जरूरत है तो सिर्फ मेहनत,अनुशासन,आत्मविश्वास और साहस की। यह संदेश आंध्र प्रदेश के अनंतपुर निवासी प्रसिद्ध पर्वतारोही एवं सोलो साइक्लिंग एक्टिविस्ट समीरा खान ने गुरुवार को मॉन्टफोर्ट स्कूल अंबिकापुर में विद्यार्थियों को दिया। डीजीपी छत्तीसगढ़ के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक सरगुजा के मार्गदर्शन में अंबिकापुर पहुंचीं समीरा खान का मॉन्टफोर्ट स्कूल में आत्मीय स्वागत किया गया। वर्तमान में वे दस राज्यों की साइकिल यात्रा पर हैं। उनके अभियान का उद्देश्य ग्रामीण बालिकाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश लोगों तक पहुंचाना है।
मुश्किलों से डरना नहीं, रास्ता बनाना है : विद्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम में समीरा खान ने विद्यार्थियों से अपनी साहसिक यात्राओं और पर्वतारोहण के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए केवल सपना देखना पर्याप्त नहीं है,बल्कि उसके लिए लगातार मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ना पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि विपरीत परिस्थितियां सफलता की राह में रुकावट जरूर बन सकती हैं,लेकिन उन्हें मंजिल तक पहुंचने से रोक नहीं सकतीं। इसके लिए अपनी क्षमता पर विश्वास रखना और चुनौतियों का साहस के साथ सामना करना जरूरी है।
‘मिशन माउंट एवरेस्ट’ से लेकर साइकिल यात्रा तक : समीरा खान अपने ‘मिशन माउंट एवरेस्ट’ अभियान के लिए जानी जाती हैं। वे कई पर्वत चोटियों पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर चुकी हैं। ग्रामीण बालिकाओं की शिक्षा, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के संदेश को लेकर वे कई देशों की साइकिल यात्रा भी कर चुकी हैं। उनकी कहानी सुनकर विद्यार्थियों में भी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उनकी यात्रा और संघर्ष से जुड़े विभिन्न पहलुओं को जानने में रुचि दिखाई।
पुष्पगुच्छ और शॉल से किया सम्मान : कार्यक्रम में विद्यालय की कोऑर्डिनेटर ममता तिवारी,संगीता पाण्डेय एवं बरखा गोस्वामी ने पर्वतारोही समीरा खान का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया। इसी अवसर पर गांधीनगर थाना के एसआई अभय तिवारी का भी नितिन कर्ष द्वारा शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। विद्यालय के प्राचार्य ब्रदर एस.गैब्रिएल ने समीरा खान के साहसिक अभियान की सराहना करते हुए उनके अभियान की सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरणादायी व्यक्तित्व विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास पैदा करते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


Share

Check Also

सूरजपुर/भैयाथान@ धान खरीदी में 3559 क्विंटल कमी के बाद भी ‘मेहरबानी’ जारी,फिर मिली खरीदी प्रभारी की जिम्मेदारी और आगे फिर जिम्मेदारी मिलने की संभावना

Share 2020-21 में सेवा समाप्ति, 2024-25 व 2025-26 में फिर जिम्मेदारी,2025-26 में करीब 13 हजार …

Leave a Reply