गांधीनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। महिला संबंधी अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने दुष्कर्म के एक मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने पीडि़ता को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण किया और बाद में शादी करने से साफ इंकार कर दिया।
10 साल से कर रहा था शोषण
थाना गांधीनगर से मिली जानकारी के अनुसार, पीडि़ता ने थाने आकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2016 से लेकर 15 अगस्त 2026 के मध्य उसके जान-पहचान के एक युवक ने उसे शादी का प्रलोभन देकर जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। आरोपी की पहचान अभिषेक कुमार यादव (31 वर्ष), निवासी बड़सरा (भैयाथान, जिला सूरजपुर), हाल मुकाम गांधीनगर बिजली ऑफिस गली के रूप में हुई है। जब पीडि़ता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने साफ मना कर दिया।
बीएनएस और एसटी/एससी एक्ट के तहत मामला दर्ज
प्रार्थिया की लिखित शिकायत पर थाना गांधीनगर में आरोपी अभिषेक यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 516/26, धारा 69 (बीएनएस) व एसटी/एससी एक्ट की धारा 3(2)1 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पूछताछ में कबूला जुर्म,भेजा गया जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर आरोपी अभिषेक यादव को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। अपराध साबित होने पर पुलिस ने आरोपी अभिषेक यादव आत्मज रामनारायण यादव को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया है। इस पूरी त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर उप निरीक्षक दिलीप दुबे,प्रशिक्षु उप निरीक्षक भारतीय मार्कण्डेय,सहायक उप निरीक्षक सुभाष ठाकुर,महिला आरक्षक सरस्वती,आरक्षक राहुल सिंह और आरक्षक रमन मण्डल की सराहनीय व सक्रिय भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur