विश्व हाथी दिवस पर सरहरी स्कूल में जन-जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों व ग्रामीणों को बताए हाथियों से बचाव के उपाय
-संवाददाता-
प्रतापपुर,18 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। वन मंडल सूरजपुर के वन परिक्षेत्र प्रतापपुर द्वारा हाथी प्रभावित क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरहरी में विश्व हाथी दिवस के अवसर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और ग्रामीणों को मानव-हाथी सह-अस्तित्व के प्रति जागरूक करना और हाथियों से बचाव के सुरक्षित उपायों की जानकारी देना था। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य दिलीप तिवारी के स्वागत उद्बोधन से हुई। उप वनमंडलाधिकारी संस्कृति बारले ने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को हाथियों के व्यवहार की जानकारी देते हुए बताया कि हाथी के नजदीक आने पर क्या सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने लोगों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उन्हें किसी भी स्थिति में छेडऩे या उकसाने से बचने की अपील की। वन विभाग के कर्मचारियों ने भी हाथी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता अजय कुमार चतुर्वेदी ने किया। उन्होंने कहा कि हाथी हमारे दुश्मन नहीं, बल्कि मित्र हैं। जंगल और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए इनके साथ शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व जरूरी है। शिक्षक अविनाश तिवारी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। अंत में व्याख्याता विजय भारती ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
वन्यजीव संरक्षण की ली शपथ : अजय चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को वन्यजीव संरक्षण की शपथ दिलाई। सभी ने हाथियों और उनके प्राकृतिक आवास की सुरक्षा, सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा हाथी दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने का संकल्प लिया। इस दौरान ‘हाथी बचाएं- जंगल बचाएं, जंगल बचाएं- जीवन बचाएं’ का संदेश दिया गया।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया पुरस्कृत : कार्यक्रम के दौरान पूर्व माध्यमिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर पर आयोजित चित्रकला, निबंध और क्विज प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। चित्रकला में कक्षा आठवीं की वंदना सिंह प्रथम, कक्षा सातवीं के मोहन कुशवाहा द्वितीय और कक्षा छठवीं की रागिनी मिश्रा तृतीय रहीं। हाईस्कूल निबंध प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं की सृष्टि यादव प्रथम, कक्षा दसवीं की दीपिका यादव द्वितीय और कक्षा नौवीं की पूजा राजवाड़े तृतीय रहीं। हायर सेकेंडरी स्तर पर कक्षा 11वीं की प्राची यादव प्रथम, रजनी द्वितीय और कक्षा 12वीं की फूलपत्तियां तृतीय रहीं। सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए। क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ का सहयोग रहा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur