OTP,UPI फर्जी लिंक,APK,सेक्सटॉर्शन और डिजिटल अरेस्ट से बचाव की दी जानकारी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। साइबर अपराधों के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत मंगलवार को जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। डीआईजी/एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व साइबर सेल के नोडल अधिकारी रितेश चौधरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों में करीब 700 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैरबार,शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर, आईटीआई लखनपुर,राजकुमार कॉलेज उदयपुर, पुलिस लाइन हायर सेकेंडरी स्कूल अंबिकापुर, कंप्यूटर सेंटर मणीपुर एवं कन्या छात्रावास स्कूल रोड में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को OTP,UPI एवं QR Code फ्रॉड,फर्जी लिंक,APK फाइल,फर्जी कस्टमर केयर नंबर,सोशल मीडिया फ्रॉड,फर्जी प्रोफाइल,अनजान वीडियो कॉल, सेक्सटॉर्शन और डिजिटल अरेस्ट जैसे अपराधों के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को समझाया गया कि OTP,PIN,CVV,पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें तथा अनजान लिंक पर क्लिक या किसी के कहने पर QR Code स्कैन न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई। पुलिस ने बताया कि ठगी के तुरंत बाद शिकायत करने से रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने की संभावना बढ़ जाती है। कार्यक्रम के दौरान ‘जागरूकता की एक Selfie’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को QR Code के माध्यम से साइबर जागरूकता अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
छात्र-छात्राओं ने QR Code के साथ Selfie लेकर अभियान में सहभागिता की। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर टीम के अतुल गुप्ता, विक्की गुप्ता, आस्था गुप्ता, विभाश्री सिंह एवं राजकुमार ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। विद्यार्थियों ने साइबर अपराधों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस टीम ने समाधान किया। अंत में विद्यार्थियों ने स्वयं जागरूक रहने तथा परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। पुलिस ने संदेश दिया कि सतर्कता और जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur