Breaking News

सूरजपुर@ अपर कलेक्टर पर प्लेसमेंट कर्मचारियों से मारपीट का आरोप

Share


सुपरवाइजर बोला-गड्ढा खोदकर गाड़ देने की दी धमकी,कर्मचारियों ने थाने पहुंचकर की शिकायत; आंदोलन की चेतावनी
-संवाददाता-
सूरजपुर,18 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
सूरजपुर के अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा पर विश्रामपुर नगर पंचायत के प्लेसमेंट कर्मचारियों ने मारपीट करने और गड्ढा खोदकर गाड़ देने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना से आक्रोशित दर्जनभर से अधिक कर्मचारी शिकायत करने विश्रामपुर थाने पहुंचे। कर्मचारियों ने कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। जानकारी के अनुसार विश्रामपुर में 15 अगस्त से लाइफ लाइन एक्सप्रेस के माध्यम से मरीजों का पंजीयन और उपचार किया जा रहा है। बारिश के कारण ट्रेन तक पहुंच मार्ग में कीचड़ होने से एंबुलेंस के आवागमन के लिए रास्ता तैयार कराया जा रहा था। तहसीलदार के निर्देश पर मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नगर पंचायत के प्लेसमेंट कर्मचारी रास्ता बनाने में जुटे थे। इसी दौरान अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा मौके पर पहुंचे।
प्लेसमेंट कर्मचारी सुपरवाइजर आकाश सिन्हा का आरोप है कि अपर कलेक्टर ने उनसे गोलू के संबंध में पूछताछ की। कर्मचारी ने खुद को केवल मजदूर बताते हुए रास्ता बनाने का काम करने की बात कही। आरोप है कि इस पर अपर कलेक्टर ने गड्ढा खोदकर गाड़ देने और ऊपर से जेसीबी चलवा देने की धमकी दी। इसके बाद गार्ड की मदद से उन्हें गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया गया और विरोध करने पर थप्पड़ व हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई।
फोन तोडऩे का भी आरोप : कर्मचारियों का आरोप है कि घटना की जानकारी कार्यालय में देने के लिए कर्मचारी रितेश ने फोन निकाला तो उसका मोबाइल भी तोड़ दिया गया। कर्मचारियों ने कहा कि वे काम करने आए हैं,किसी की मार खाने नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि थाने में करीब आधे घंटे तक उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। कर्मचारियों ने कहा कि मामले की शिकायत सूरजपुर कलेक्टर से की जाएगी। वहां भी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
अपर कलेक्टर ने आरोपों को बताया बेबुनियाद : अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा ने मारपीट के आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि मौके पर सभी कर्मचारियों को अपना काम करने के निर्देश दिए थे। निर्देश थोड़े तल्ख लहजे में दिए गए होंगे,जिसे कुछ लोग अन्यथा ले रहे हैं। मारपीट की कोई घटना नहीं हुई है। ऐसे आरोप पूरी तरह गलत और बेबुनियाद हैं।


Share

Check Also

सूरजपुर@ अग्रवाल महिला मंडल ने धूमधाम से मनाया सावन उत्सव

Share सावन सुंदरी प्रतियोगिता बनी आकर्षण का केंद्र,आयुषी तायल चुनी गईं सावन सुंदरी 2026–संवाददाता-सूरजपुर,18 अगस्त …

Leave a Reply