14 जिलाध्यक्षों के 18 कार्यकाल की तस्वीरों का हुआ अनावरण, दिवंगत अध्यक्षों के परिजनों का सम्मान

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से राजीव भवन में ‘पुरखा के सुरता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आजादी के बाद से अब तक सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद को सुशोभित करने वाले सभी जिलाध्यक्षों के फोटोग्राफ का अनावरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने ध्वजारोहण के बाद राजीव भवन के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर दिवंगत जिलाध्यक्षों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक ने बताया कि ‘पुरखा के सुरता’ कार्यक्रम की पहल का श्रेय अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य श्री आदित्येश्वर शरण सिंहदेव को जाता है। उन्होंने कहा कि ‘पुरखा के सुरता’ पूर्वजों के स्मरण से जुड़ा भावपूर्ण शीर्षक है, जो छत्तीसगढ़ की लोककला,संस्कृति,परंपरा और साहित्य में अपने पूर्वजों के योगदान को याद करने का प्रतीक है।
दिवंगत जिलाध्यक्षों के परिजनों का सम्मान : पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने दिवंगत जिलाध्यक्षों के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। जिला कांग्रेस के प्रथम अध्यक्ष स्व. सरदार किशन सिंह बाबरा की ओर से सरदार भूपेंद्र सिंह बाबरा, स्व. डॉ. डी.पी. गुप्ता की ओर से गोपाल केशरी एवं सुधांशु केशरी, स्व. ताराचंद अग्रवाल की ओर से अजय अग्रवाल, स्व. डॉ. राजेश्वरी त्रिपाठी की ओर से प्रमोद त्रिपाठी तथा स्व. सुरेंद्र सिन्हा की ओर से रवि सिन्हा ने सम्मान ग्रहण किया।राजमाता स्व. देवेंद्र कुमारी सिंहदेव की ओर से यह सम्मान स्वयं श्री टी.एस. सिंहदेव ने वर्तमान जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक के हाथों ग्रहण किया। कार्यक्रम में अजय अग्रवाल, श्री बालकृष्ण पाठक एवं राकेश गुप्ता को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्री सिंहदेव ने कहा कि दिवंगत और वर्तमान जिलाध्यक्षों के मार्गदर्शन में सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने जो सफलता हासिल की है, वह अभूतपूर्व है। समय के साथ पीढि़यां बदलती हैं, लेकिन सरगुजा में इस गौरवशाली परंपरा को कायम रखना सभी की जिम्मेदारी है।
14 जिलाध्यक्षों के 18 कार्यकाल की तस्वीरें : आजादी के बाद अविभाजित सरगुजा जिले से लेकर वर्तमान स्वरूप तक जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद पर 14 व्यक्तित्वों ने कुल 18 कार्यकाल पूरे किए हैं। वर्ष 1997 तक अविभाजित सरगुजा जिला वर्तमान में सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया और एमसीबी जिलों में विभाजित हो चुका है। सरगुजा जिला कांग्रेस के अध्यक्षों का क्रम इस प्रकार रहा— स्व. सरदार किशन सिंह बाबरा, अधिवक्ता स्व. कृष्ण नारायण शेष, स्व. डॉ. डी.पी. गुप्ता,स्व. विजेंद्र लाल गुप्ता, स्व. ताराचंद अग्रवाल,स्व. समर बहादुर सिंह,स्व. फूलचंद संपरिया,स्व. डॉ. राजेश्वरी त्रिपाठी,अधिवक्ता स्व. सुरेंद्र सिन्हा,राजमाता स्व. देवेंद्र कुमारी सिंहदेव, स्व. उमेश्वर शरण सिंहदेव,अजय अग्रवाल,बालकृष्ण पाठक एवं राकेश गुप्ता। इनमें राजमाता स्व. देवेंद्र कुमारी सिंहदेव और स्व. उमेश्वर शरण सिंहदेव ने दो-दो कार्यकाल,जबकि वर्तमान जिलाध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक ने तीन बार जिला कांग्रेस अध्यक्ष का दायित्व संभाला है। वर्तमान में श्री बालकृष्ण पाठक सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur