OTP,UPI,QR कोड फ्रॉड से लेकर डिजिटल अरेस्ट तक के खतरे समझाए, जागरूकता सेल्फी के जरिए सुरक्षा संदेश देने की अपील
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। साइबर अपराधों के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस द्वारा संचालित ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत राजमोहिनी देवी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं नगर पालिका हायर सेकेंडरी स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 500 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व साइबर सेल के नोडल अधिकारी श्री रितेश चौधरी के मार्गदर्शन में अभियान के प्रथम सप्ताह जिले के स्कूल-कॉलेज एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। OTP, UPI एवं क्यूआर कोड फ्रॉड, फर्जी लिंक,APK फाइल, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी प्रोफाइल, अनजान वीडियो कॉल, सेक्सटॉर्शन और डिजिटल अरेस्ट जैसे अपराधों से बचाव के उपाय समझाए गए। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान ,APK फाइल डाउनलोड करने या किसी के कहने पर क्यूआर कोड स्कैन करने से पहले उसकी सत्यता की जांच जरूर करें। सोशल मीडिया पर निजी फोटो, वीडियो और व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।
ठगी होते ही 1930 पर करें शिकायत : साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के महत्व को समझाते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 तथा cyber crime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने के बाद जितनी जल्दी शिकायत दर्ज कराई जाएगी, ठगी गई राशि को रोकने की संभावना उतनी ही बढ़ सकती है।
‘जागरूकता की एक सेल्फी’ से दिया सुरक्षा संदेश : कार्यक्रम के दौरान ‘जागरूकता की एक Selfie’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को जागरूकता क्यूआर कोड के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें क्यूआर कोड के माध्यम से साइबर जागरूकता अभियान से जुड़ने तथा साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने क्यूआर कोड के साथ सेल्फी लेकर अभियान में सहभागिता भी दर्ज कराई। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. एजन टोप्पो, प्राचार्य विनोद सिंह, नवा विहान से श्री अजय तिवारी, डॉ. विश्वासी एक्का, डॉ. सृष्टि शैफाली मिंज, सहायक प्राध्यापक तथा पुलिस विभाग से सउनि अभय तिवारी, थाना गांधीनगर से विवेक चंद्राकर एवं पुलिस टीम, महिला थाना से महिला प्रधान आरक्षक एंजेला मिंज, प्रधान आरक्षक राजेश्वर खलखो, आरक्षक राहुल एवं महिला आरक्षक सविता मरावी सहित अन्य उपस्थित रहे। पुलिस मितान एवं साइबर वॉलंटियर टीम से अतुल गुप्ता, बसंत श्रीवास्तव, आर्यन पाण्डेय, विकेश राजवाड़े, विभाश्री सिंह एवं राजकुमार ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने साइबर अपराधों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका पुलिस एवं साइबर जागरूकता टीम ने समाधान किया। विद्यार्थियों ने स्वयं सतर्क रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur