Breaking News

अम्बिकापुर@ अंबिकापुर के अवनीश पांडे बने सरगुजा केसरी,भिलाई के मोहम्मद आसिफ ने जीता सरगुजा भीम का खिताब

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
नाग पंचमी के अवसर पर सरगुजा कुश्ती संघ के तत्वावधान में मल्टीपरपज ग्राउंड में दंगल कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सरगुजा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों और सीमावर्ती राज्यों से करीब 150 पहलवानों ने हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबलों में अंबिकापुर के अवनीश पांडे ने सरगुजा केसरी, भिलाई के मोहम्मद आसिफ ने सरगुजा भीम, भिलाई के मनीष कुमार ने सरगुजा कुमार और लखनपुर के देवांगन जगत ने सरगुजा अभिमन्यु का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का आयोजन सरगुजा कुश्ती संघ के अध्यक्ष विकास पांडे के नेतृत्व में किया गया। दंगल को चार वर्गों में बांटा गया था। उद्घाटन कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी सहित अन्य अतिथियों ने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर किया। मुकाबलों के दौरान अखाड़े में पहलवानों ने अपने दांव-पेंच और दमखम का प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे खेलप्रेमियों ने दंगल का आनंद लिया। दर्शकों की तालियों और उत्साह से पहलवानों का हौसला बढ़ता रहा। सरगुजा केसरी के फाइनल मुकाबले में अंबिकापुर के अवनीश पांडे विजेता रहे, जबकि सतपाल यादव उपविजेता रहे। सरगुजा भीम में भिलाई के मोहम्मद आसिफ ने पहला स्थान हासिल किया और पवन कुमार उपविजेता रहे। सरगुजा कुमार का खिताब भिलाई के मनीष कुमार ने जीता, जबकि सरगुजा के लक्ष्मण पैकरा उपविजेता रहे। सरगुजा अभिमन्यु का खिताब लखनपुर के देवांगन जगत ने हासिल किया। कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि कुश्ती जैसे पारंपरिक खेलों को जीवित रखने और नई पीढ़ी को इससे जोड़ने के लिए इस तरह के आयोजन जरूरी हैं। उन्होंने आयोजकों को बधाई देते हुए पहलवानों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका खेल शिक्षक विवेक पांडे, राजेश प्रताप सिंह, नवनीत सिंह गिल, सुदेश पैकरा और गुरमीत छाबड़ा ने निभाई। संचालन संघ के कोषाध्यक्ष संजीव वर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में रवि विश्वकर्मा, विवेक सिंह, धर्मेंद्र विश्वकर्मा, अमन गुप्ता, आनंद सिंह, गोलू यादव सहित संघ के पदाधिकारियों और खेलप्रेमियों का योगदान रहा।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ तीन दिवसीय सद्भावना बैडमिंटन प्रतियोगिता में खिलाडि़यों ने दिखाया दमखम

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,17 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय …

Leave a Reply