,देशभक्ति के रंग में रंगे जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में विधायक भईया लाल राजवाड़े और मनेंद्रगढ़ में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया ध्वजारोहण,परेड की ली सलामी शहीद परिवारों का सम्मान और उत्कृष्ट अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र
-संवाददाता-
कोरिया/एमसीबी,17 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर इस बार कोरिया और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के जिला स्तरीय सरकारी समारोहों में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन विशेष आकर्षण रहा, केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2026 में ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जारी किए गए कार्यक्रमों और गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय गीत संबंधी अद्यतन प्रोटोकॉल के बीच इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोहों में राष्ट्रीय गीत को विशेष स्थान मिला, गृह मंत्रालय के निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि जब किसी समारोह में राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान दोनों प्रस्तुत किए जाएं, तो ‘वंदे मातरम्’ का गायन/वादन पहले और उसके बाद राष्ट्रगान किया जाना चाहिए।
कोरिया और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के जिला मुख्यालयों में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच मनाया गया, बैकुंठपुर के रामानुज मिनी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में बैकुंठपुर विधायक भईया लाल राजवाड़े ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली,जबकि मनेंद्रगढ़ के आमाखेरवा स्थित पुलिस ग्राउंड में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने राष्ट्रध्वज फहराकर परेड की सलामी ली,दोनों ही जिलों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया गया तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों,शहीदों और उनके परिजनों के योगदान को स्मरण करते हुए सम्मानित किया गया, इसी क्रम में बैकुंठपुर के रामानुज मिनी स्टेडियम और मनेंद्रगढ़ के आमाखेरवा पुलिस ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया, लंबे समय बाद राष्ट्रीय पर्व के सरकारी समारोह में ‘वंदे मातरम्’ को इस तरह प्रमुखता से शामिल किए जाने से समारोह में मौजूद लोगों में विशेष उत्साह और गर्व का भाव देखने को मिला, ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशभर में वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, केंद्र सरकार के आधिकारिक दस्तावेजों में भी इसे स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना से जुड़े महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रतीक के रूप में रेखांकित किया गया है, कोरिया और एमसीबी में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जब सामूहिक स्वर में ‘वंदे मातरम्’ गूंजा तो समारोह स्थल पर मौजूद अधिकारी-कर्मचारी,जनप्रतिनिधि,विद्यार्थी और नागरिक राष्ट्रभक्ति के भाव से एकजुट नजर आए, इस बार का स्वतंत्रता दिवस इसलिए भी यादगार रहा कि तिरंगे के साथ ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने समारोह को आजादी के आंदोलन की ऐतिहासिक स्मृतियों से जोड़ दिया।
बैकुंठपुर में विधायक भईया लाल राजवाड़े ने ली परेड की सलामी-कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के रामानुज मिनी स्टेडियम में आयोजित समारोह में विधायक भईया लाल राजवाड़े ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया,इसके बाद उन्होंने कलेक्टर रोक्तिमा यादव एवं पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर के साथ परेड का निरीक्षण किया,रक्षित निरीक्षक के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल,छत्तीसगढ़ पुलिस बल, महिला पुलिस बल,नगर सेना पुरुष एवं महिला तथा एनसीसी सीनियर कैडेट्स की टुकडि़यों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया,इस अवसर पर विधायक श्री राजवाड़े ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन करते हुए जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं, ध्वजारोहण के बाद शांति और सौहार्द के प्रतीक रंगीन गुब्बारे भी आकाश में छोड़े गए।
शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान-बैकुंठपुर में समारोह के दौरान विधायक भईया लाल राजवाड़े ने शहीदों के परिजनों से आत्मीयता से मुलाकात की, उन्होंने उनका हालचाल जाना तथा शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया,इसी तरह मनेंद्रगढ़ में भी स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जिले के शहीद परिवारों के सदस्यों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया, स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राष्ट्र की सेवा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों का बलिदान देश की अमूल्य धरोहर है,शहीद परिवारों का सम्मान केवल एक औपचारिकता नहीं,बल्कि उनके त्याग और बलिदान के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है,सम्मान के दौरान दोनों समारोह स्थलों पर वातावरण भावुक और गौरवपूर्ण नजर आया।
मनेंद्रगढ़ में स्वास्थ्य मंत्री ने किया ध्वजारोहण-एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ के आमाखेरवा पुलिस ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली,इस दौरान कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े,पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी,जनप्रतिनिधि,विद्यार्थी,शहीद परिवारों के सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे, मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और अमर शहीदों को नमन किया, उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है,बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को याद करने,देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लेने का पर्व है।
एमसीबी में साइबर जागरूकता अभियान का शुभारंभ-मनेंद्रगढ़ के स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले में साइबर जागरूकता अभियान का भी शुभारंभ किया गया,यह अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा, अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा डिजिटल लेन-देन के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए प्रेरित करना है,अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल,संदिग्ध लिंक,फर्जी वेबसाइट, साइबर फ्रॉड और डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी,नागरिकों से ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी,पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की अपील की गई। समारोह स्थल पर बनाए गए सेल्फी जोन के माध्यम से भी साइबर सुरक्षा का संदेश दिया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान-दोनों जिलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया,कोरिया में कलेक्टर कार्यालय के ई-जिला प्रबंधक श्री राकेश कुमार एवं सहायक ग्रेड-03 श्रीमती किरण टोप्पो को सम्मानित किया गया, स्वास्थ्य विभाग से जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनित कुमार बखला,108 संजीवनी एंबुलेंस सेवा के ईएमटी श्री परमेश्वर,वाहन चालक श्री दिनेश तथा जिला चिकित्सालय के ड्रेसर ग्रेड-02 श्री सचिन कुमार शर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया,शिक्षा विभाग से प्राचार्य श्री कमल डडसेना,व्याख्याता श्री राजीव जायसवाल,शैक्षिक समन्वयक श्री जय प्रताप सिंकुल,सहायक शिक्षक श्रीमती शांति देवी बैगा, कुमारी रितु बैगा एवं रिप चन्द्र साहू को सम्मानित किया गया।लोक निर्माण विभाग की उप अभियंता श्रीमती सुरेखा मिंज को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र दिया गया, पुलिस विभाग से उप निरीक्षक विकास नामदेव, प्रधान आरक्षक राम प्रकाश तिवारी, नवीन साहू, संतोष सिंह, अमित त्रिपाठी, शिव मिंज, महिला प्रधान आरक्षक सुनीता पैंकरा तथा आरक्षक श्री राकेश कुमार मिश्रा, संदीप साय पैकरा, राघवेन्द्र पुरी एवं निखिलेश राजवाड़े को सम्मानित किया गया, नगर सेना एवं अग्निशमन विभाग से श्री अजय कुमार एवं राजेश कुमार सहित संबंधित कर्मियों, वन विभाग के वनरक्षक दुष्यंत सिंह, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के व्यायाम शिक्षक विजय विश्वकर्मा एवं श्री पप्पू कुमार, आयुष विभाग के फार्मासिस्ट नीलेश गोयल एवं औषधालय सेवक शिव कुमार साहू तथा आदिवासी विकास विभाग के भृत्य सोंस लाल को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया, एमसीबी में भी विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया, उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता एवं जिम्मेदारी के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया।
देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां- स्वतंत्रता दिवस के दोनों समारोहों में स्कूली बच्चों की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं, बैकुंठपुर में विद्यार्थियों ने बैंड की धुन पर देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए, जबकि विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम का उत्साह भरा, मनेंद्रगढ़ में विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और राष्ट्रप्रेम से जुड़ी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया, रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह स्थल को उत्साह और उमंग से भर दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
तिरंगे की आन-बान-शान बनाए रखने का संकल्प- मनेंद्रगढ़ में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है, इसके सम्मान और गौरव को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है, उन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने तथा विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया, दोनों जिला मुख्यालयों में राष्ट्रगान, देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा, स्वतंत्रता दिवस समारोह ने लोगों को स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने के साथ ही राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी- बैकुंठपुर समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, जिला पंचायत, जनपद पंचायत एवं नगरीय निकाय बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा तथा नगर पंचायत पटना के जनप्रतिनिधि, देवेंद्र तिवारी, कृष्णा बिहारी जायसवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेंद्र श्रीवास, गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के संचालक सौरभ सिंह, वन मंडलाधिकारी चंद्रशेखर शंकर सिंह परदेशी, एडीएम सुरेन्द्र सिंह वैद्य, अपर कलेक्टर डीडी माण्डवी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, एसडीएम सोनहत अमित गुप्ता, एसडीएम बैकुंठपुर उमेश पटेल, डीएसपी श्याम मधुकर एवं राजेश साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे, मनेंद्रगढ़ में नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र पटवा, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व लिंगराज सिदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि, विद्यार्थी और नागरिक उपस्थित रहे, इस तरह कोरिया और एमसीबी दोनों जिलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह केवल ध्वजारोहण और परेड तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शहीदों के बलिदान को नमन, उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान, बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और नागरिकों को राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराने वाला आयोजन बन गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur