Breaking News

अम्बिकापुर@साइबर क्राइम के विरुद्ध छत्तीसगढ़ पुलिस का ‘साइबर जागृति अभियान’

Share


15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह चलेगा प्रदेशव्यापी अभियान

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। साइबर अपराध के प्रति प्रदेशवासियों को जागरूक एवं सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस से शुरू होने वाला यह अभियान साइबर अपराध के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने और छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध मुक्त बनाने की दिशा में अभिनव पहल है। छत्तीसगढ़ पुलिस के इस अभियान की मुख्य थीम ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ है। प्रदेशवासी छत्तीसगढ़ पुलिस अथवा संबंधित जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल पर जारी लिंक पर क्लिक कर अथवा क्यूआर कोड स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी तस्वीर ले सकेंगे। इसके बाद इस सेल्फी को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करेंगे। इससे साइबर सुरक्षा का संदेश उनके मित्रों, फॉलोअर्स और अन्य लोगों तक पहुंचेगा।
आईजी और एसपी ने क्यूआर कोड स्कैन कर शुरू किया अभियान : राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री द्वारा अभियान का शुभारंभ किया गया। वहीं सरगुजा जिले में पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक सरगुजा डीआईजी श्री राजेश कुमार अग्रवाल ने प्रेसवार्ता के दौरान अभियान की लिंक एवं क्यूआर कोड जारी कर इसकी शुरुआत की। दोनों अधिकारियों ने स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। आईजी एवं एसपी ने जिलेवासियों से अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की। उन्होंने सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, संस्थानों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स और कलाकारों से भी अभियान का हिस्सा बनने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट हुए थे, उसी तरह साइबर अपराध के खिलाफ भी सामूहिक जागरूकता जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ लेकर सोशल मीडिया पर साझा करने तथा साइबर अपराध रोकने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
सात सप्ताह में अलग-अलग विषयों पर जागरूकता : अभियान के तहत 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह में अलग-अलग वर्गों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।
– पहला सप्ताहः स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता और बुनियादी साइबर सुरक्षा पर अभियान।
– दूसरा सप्ताहः बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों में वित्तीय धोखाधड़ी और यूपीआई सुरक्षा को लेकर जागरूकता।
– तीसरा सप्ताहः वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल के विषय पर टाउन हॉल कार्यक्रम।
– चौथा सप्ताहः महिला कॉलेजों और सामुदायिक समूहों में स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सुरक्षित ब्राउजिंग को लेकर जागरूकता।
– पांचवां सप्ताहः रोजगार कार्यालयों, आईटीआई एवं कौशल विकास केंद्रों में जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचाव की जानकारी।
– छठा सप्ताहः डेटा प्राइवेसी एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर जागरूकता अभियान।
– सातवां सप्ताहः ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ संकल्प अभियान।

क्यूआर कोड और सोशल मीडिया से होगा व्यापक प्रचार : जिला पुलिस टीमों और स्थानीय थानों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, पार्कों एवं बाजारों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से क्यूआर कोड का प्रचार किया जाएगा। राज्य एवं जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल तथा व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से भी अभियान की लिंक साझा कर लोगों को सेल्फी लेने और सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। 2 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के दिन ‘साइबर जागृति अभियान’ का समापन होगा।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@चिकित्सा महाविद्यालय में जिला स्तरीय संगोष्ठी का हुआ आयोजन

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,14 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय के मेडिकल लेक्चर हॉल में …

Leave a Reply