Breaking News

अम्बिकापुर@विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस पर कार्यक्रम एवं छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित…विभाजन में प्राण गंवाने वालों को दीप प्रज्ज्वलित कर दी श्रद्धांजलि

Share


भारत का विभाजन केवल भूगोल का विभाजन नहीं था,यह लाखों परिवारों के घर,रिश्तों,सपनों और स्मृतियों का बिखराव था : मंत्री राजेश अग्रवाल


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में ‘विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने विभाजन के दौरान प्राण गंवाने वाले लोगों की स्मृति में दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें नमन किया। उपस्थितजनों ने मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विभाजन की विभीषिका पर आधारित वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि देश के विभाजन के समय हिंसा और घृणा के साए में विस्थापित हुए असंख्य लोगों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की स्मृति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि भारत का विभाजन केवल भूगोल का विभाजन नहीं था,बल्कि लाखों परिवारों के घर, रिश्तों, सपनों और स्मृतियों का बिखराव था। यह दिवस उन सभी ज्ञात-अज्ञात पीडि़तों और विस्थापितों को श्रद्धांजलि देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को इतिहास की सत्यापित जानकारी से अवगत कराते हुए समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना हम सभी का दायित्व है। हमें न तो इतिहास को भूलना है और न ही उसकी पीड़ा को नफरत का कारण बनने देना है। अतीत की स्मृतियों से सीख लेकर वर्तमान को सद्भाव के साथ संभालना और भविष्य के भारत को एकजुट,शांतिपूर्ण, संवेदनशील एवं शक्तिशाली राष्ट्र बनाना हमारा सामूहिक संकल्प होना चाहिए। गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव ने कहा कि विभाजन की त्रासदी देश के इतिहास का अत्यंत पीड़ादायक अध्याय है। इस दिवस का उद्देश्य विभाजन से प्रभावित लोगों के संघर्ष और बलिदान को याद करना तथा आने वाली पीढि़यों को उस दौर की घटनाओं से अवगत कराना है। लुंड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए लाखों लोगों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों को स्मरण कर श्रद्धांजलि देना इस दिवस का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ‘देश प्रथम’ की भावना के साथ खड़ा होना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और नई पीढ़ी को भी इस भावना से जोड़ना जरूरी है। कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कहा कि भारत का विभाजन देश के इतिहास का दुखद अध्याय है। विभाजन के दौरान हुए जान-माल के नुकसान और लोगों की पीड़ा को स्मरण करने के लिए इस दिवस का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह दिन उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि देने और उस दौर की स्मृतियों से सीख लेने का अवसर है। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया। उपस्थितजनों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरुपा सिंह,नगर निगम महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, निगम सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी,जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री देवनारायण यादव, श्री अखिलेश सोनी, श्री भारत सिंह सिसोदिया, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल,अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक,एसडीएम श्री बनसिंह नेताम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयों के विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
विभाजन की त्रासदी को तस्वीरों में किया प्रदर्शित
कार्यक्रम स्थल पर विभाजन विभीषिका पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में देश के विभाजन के दौरान हुई त्रासदी के मार्मिक दृश्यों को छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इसमें स्वतंत्रता के समय पलायन करते शरणार्थियों के दृश्य, विभाजन से जुड़ी विभिन्न घटनाएं तथा तत्कालीन समाचार पत्रों में प्रकाशित लेख और अन्य ऐतिहासिक चित्र शामिल रहे। प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को विभाजन के दौर की परिस्थितियों और उसकी मानवीय पीड़ा से अवगत कराया गया।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@चिकित्सा महाविद्यालय में जिला स्तरीय संगोष्ठी का हुआ आयोजन

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,14 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय के मेडिकल लेक्चर हॉल में …

Leave a Reply