


स्वतंत्रता दिवस से पहले जिला स्तरीय आयोजन में उमड़ा उत्साह,विद्यार्थियों और युवाओं ने दिया राष्ट्रप्रेम,अनुशासन और स्वस्थ जीवन का संदेश…
-संवाददाता-
एमसीबी,14 अगस्त 2026।स्वतंत्रता दिवस के एक दिन पूर्व मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में देशभक्ति का उत्साह उस समय देखने को मिला, जब लगातार हो रही बारिश के बीच भी जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन पूरे जोश और उत्साह के साथ किया गया, बारिश की बूंदें प्रतिभागियों के कदम नहीं रोक सकीं, विद्यार्थियों, युवाओं, अधिकारियों-कर्मचारियों और नागरिकों ने बड़ी संख्या में दौड़ में शामिल होकर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया, प्रातः 7 बजे स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, मनेन्द्रगढ़ से स्वतंत्रता दौड़ का शुभारंभ हुआ, नगर पालिका मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया। इस दौरान कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी,विद्यार्थी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे, दौड़ निर्धारित मार्ग से होते हुए पीडब्ल्यूडी तिराहा पहुंची और इसके बाद आमाखेरवा मैदान में इसका समापन हुआ, बारिश के बावजूद प्रतिभागियों में जिस तरह का उत्साह दिखाई दिया, वह स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिले में देशभक्ति के माहौल को और मजबूत करता नजर आया।
सिर्फ दौड़ नहीं,राष्ट्र निर्माण का संदेश-कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ केवल एक खेल गतिविधि नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, एकता और स्वस्थ जीवन का संदेश देने वाला आयोजन है, उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहते हुए शारीरिक रूप से फिट रहने का प्रयास करना चाहिए और ऐसी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए, उन्होंने युवाओं से देश के प्रति समर्पित रहने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक परिस्थिति में राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए, युवाओं का योगदान केवल खेल मैदान तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सेवा और अन्य क्षेत्रों में भी उनकी सक्रिय भूमिका देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण है, कलेक्टर ने प्रतिभागियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने कार्यों के माध्यम से देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
स्वतंत्रता दौड़ के साथ टीबी मुक्त भारत का संदेश-कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी उन्मूलन का संदेश भी दिया गया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि टीबी की समय पर पहचान और उचित उपचार होने पर यह बीमारी पूरी तरह ठीक हो सकती है, उन्होंने बताया कि जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार स्क्रीनिंग, एक्स-रे जांच और संदिग्ध मरीजों की पहचान का कार्य कर रही हैं, चिन्हित मरीजों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है, उन्होंने आम नागरिकों से टीबी मुक्त भारत के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की, इस दौरान उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से ‘टीबी हारेगा, देश जीतेगा’ का नारा लगाकर टीबी मुक्त भारत के संकल्प को दोहराया।
बालक वर्ग में अमित सेन और बालिका वर्ग में ललिता प्रथम- स्वतंत्रता दौड़ के समापन के बाद विभिन्न वर्गों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया, बालक वर्ग में अमित सेन ने प्रथम, सागर ने द्वितीय और हंसराज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, इसी तरह बालिका वर्ग में ललिता ने प्रथम, माही ने द्वितीय और वंसती ने तृतीय स्थान हासिल किया, विजेताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
बारिश में भी कम नहीं हुआ युवाओं का जोश-
पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लगातार हो रही बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों का दौड़ में शामिल होना उनके जोश, अनुशासन और देशभक्ति को दर्शाता है, उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों का यह उत्साह पूरे जिले के लिए प्रेरणादायी है, उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित किया। ऐसे आयोजन उनके त्याग, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करने के साथ-साथ वर्तमान पीढ़ी को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देते हैं, एसपी ने प्रतिभागियों, नागरिकों तथा आयोजन में सहयोग करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए सभी से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील की, उन्होंने देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
अधिकारी-कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष श्री आशीष सिंह, सरजू यादव, अपर कलेक्टर अनिल सिदार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, एसडीएम लिंगराज सिंदार, तहसीलदार विनीत सिंह, जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री वैशाली सिंह, तहसीलदार सुश्री श्रुति धुव्रे, जिला खेल अधिकारी विनोद जायसवाल, टी. विजम गोपाल राव, कोच किशोर दास, शिव कुमार चौधरी, व्यायाम शिक्षक रणधीर ठाकुर, प्रेम स्मेल टोप्पो, सुमित जायसवाल तथा केमेन्द्र साहू सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे, जिला प्रशासन द्वारा आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, बारिश के बीच भी कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, स्वतंत्रता दिवस से पूर्व आयोजित इस दौड़ ने जिले में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक सहभागिता तथा टीबी मुक्त भारत के संकल्प का संदेश भी दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur