
राजन पाण्डेय
कोरिया/एमसीबी,14 अगस्त 2026। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोरिया और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय एवं भव्य रूप से मनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री एवं बैकुंठपुर विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे, वहीं एमसीबी जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 15 अगस्त को राजधानी रायपुर के पुलिस मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। इसी क्रम में दोनों जिलों में आयोजित मुख्य समारोहों में मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा।
बैकुंठपुर में रामानुज मिनी स्टेडियम बनेगा मुख्य समारोह का केंद्र : कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के रामानुज मिनी स्टेडियम में जिलास्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होगा। विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े ध्वजारोहण के बाद परेड की सलामी लेंगे और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। समारोह में पुलिस परेड, स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा विभिन्न देशभक्ति से जुड़े आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों एवं प्रतिभावान लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। समारोह को लेकर रामानुज मिनी स्टेडियम में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
मनेन्द्रगढ़ में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे ध्वजारोहण : एमसीबी जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ के पुलिस ग्राउंड आमाखेरवा में प्रातः 9 बजे मुख्य समारोह आयोजित होगा। कैबिनेट मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे। जिला प्रशासन के अनुसार मुख्य अतिथि का आगमन प्रातः 8ः58 बजे होगा। इसके बाद राष्ट्रगीत, ध्वजारोहण, सलामी एवं राष्ट्रगान, परेड निरीक्षण और मार्च पास्ट होगा। प्रातः 9ः25 बजे मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा।
इसके पश्चात स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों एवं प्रतिभाओं को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। समारोह का समापन लगभग 11ः15 बजे होगा।
समय पर पहुंचने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों-कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। मनेन्द्रगढ़ में आमंत्रित लोगों से प्रातः 8ः45 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर अपना स्थान ग्रहण करने का आग्रह किया गया है।
देशभक्ति, गौरव और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओतप्रोत दोनों जिलों के समारोहों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। स्वतंत्रता दिवस पर बैकुंठपुर और मनेन्द्रगढ़ में तिरंगा शान से लहराएगा और पूरा अंचल राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur