Breaking News

अम्बिकापुर@ हवाला के जरिए एक करोड़ से अधिक की रिश्वत लेने का आरोप एसआई और आरक्षक लाइन अटैच

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 अगस्त 2026 (घटती-घटना)।
अंबिकापुर के सीएसपी समेत तीन पुलिस अधिकारियों पर हवाला के माध्यम से एक करोड़ रुपए से अधिक की रिश्वत लेने के आरोपों के मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू स्थित विशेष सीबीआई अदालत ने प्रथम दृष्टया संज्ञान लिया है। अदालत ने छत्तीसगढ़ के डीजीपी, सीबीआई निदेशक और संबंधित पुलिस अधिकारियों को नोटिस जारी कर मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी है। इधर,मामला सामने आने के बाद आईजी दीपक झा ने साइबर थाने में पदस्थ एसआई और आरक्षक को लाइन अटैच कर दिया है।
शिकायत पर कोर्ट ने मांगी रिपोर्ट : विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम)/ सीबीआई-11 सुधांशु कौशिक की अदालत में 1 जुलाई 2026 को आकाश कुमार की ओर से बीएनएसएस की धारा 175(3) के तहत शिकायत पेश की गई थी। शिकायतकर्ता की ओर से अधिवक्ता मनमीत सिंह ने पक्ष रखा। शिकायत के साथ शपथ-पत्र भी संलग्न किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अंबिकापुर में पदस्थ आईपीएस राहुल बंसल ने साइबर थाना सरगुजा में पदस्थ एएसआई और आरक्षक के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। आरोप है कि इसके तहत हवाला चैनल के माध्यम से एक करोड़ रुपए से अधिक की रिश्वत की मांग की गई और रकम स्वीकार भी की गई। शिकायत में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 व 7ए तथा बीएनएस की धारा 308 व 351 के तहत एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।
वायरल ऑडियो की भी जांच : मामले में एक ऑडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें हवाला के जरिए रिश्वत के लेन-देन की बातचीत होने का दावा किया गया है। ऑडियो में आईपीएस राहुल बंसल का नाम आने की बात कही जा रही है। पुलिस अब ऑडियो रिकॉर्डिंग की सत्यता और बातचीत में शामिल बताए जा रहे लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
23 आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी : आईजी दीपक झा ने बताया कि साइबर थाने में फ्रॉड का मामला दर्ज है। इसमें अलग-अलग राज्यों से अब तक 23 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और विवेचना जारी है। सीएसपी समेत अन्य के खिलाफ सीबीआई कोर्ट में शिकायत की गई है। उन्होंने कहा कि वायरल ऑडियो और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। न्यायालय के निर्देशानुसार भी कार्रवाई होगी। मामले में एसआई और आरक्षक को अलग कर लाइन अटैच किया गया है।


Share

Check Also

अंबिकापुर/बतौली@ मवेशी तस्करी का आरोपी झारखंड के गुमला से गिरफ्तार….

Share बतौली पुलिस की कार्रवाई : 13 मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर ले जा रहा था पिकअप, …

Leave a Reply