-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। बुधवार को पीजी कॉलेज ग्राउंड में 15 अगस्त को होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह का फाइनल रिहर्सल हुआ। अपर कलेक्टर सुनील नायक ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। कलेक्टर अजीत वसंत और एसएसपी राजेश अग्रवाल ने समारोह स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। फाइनल रिहर्सल में पुलिस,नगर सैनिक बल,नव आरक्षक दल, एनसीसी,स्काउट और गाइड्स सहित कुल 13 प्लाटूनों ने अनुशासित मार्चपास्ट किया। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत और सेकंड इन परेड कमांडर प्रशिक्षु पेविन वर्मा के नेतृत्व में दलों ने शानदार प्रदर्शन किया।
पुलिस बैंड से लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण : 15 अगस्त को मुख्य समारोह में पुलिस बैंड की प्रस्तुति के साथ पुलिस जवानों और स्कूली विद्यार्थियों की पीटी परेड होगी। नवोदय, कार्मेल स्कूल, होलीक्रॉस, मोंटफोर्ट, उर्सू लाइन और सैनिक स्कूल के विद्यार्थी देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियां देंगे। समारोह में शहीद जवानों के परिवारों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
मंत्री रामविचार नेताम करेंगे ध्वजारोहण : जिला स्तरीय मुख्य समारोह 15 अगस्त को पीजी कॉलेज ग्राउंड, अम्बिकापुर में होगा। आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास तथा कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे।
व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को निर्देश : कलेक्टर अजीत वसंत ने बैठक व्यवस्था,साउंड सिस्टम,बेरिकेटिंग, पेयजल और विद्युत व्यवस्था सहित सभी तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को समारोह स्थल की सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने और कार्यक्रम को गरिमामय एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप, एसडीएम बनसिंह नेताम, आदिवासी सहायक आयुक्त ललित शुक्ला सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur