अच्छे आचरण का मिला लाभ,जेल में काम के आधार पर अनुभव प्रमाण-पत्र और पारिश्रमिक भी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। स्वतंत्रता दिवस से पहले सेंट्रल जेल अंबिकापुर में आजीवन कारावास की सजा काट रहे आठ कैदियों को शासन के नियमों के तहत समय पूर्व रिहा किया गया। जेल में अच्छे आचरण और व्यवहार के आधार पर इन कैदियों की रिहाई की गई है। वहीं 14 अगस्त को आठ और कैदियों को रिहा किया जाएगा। सेंट्रल जेल में वर्तमान में हत्या,दुष्कर्म,चोरी,लूट,डकैती सहित अन्य अपराधों के 2,181 बंदी और कैदी निरुद्ध हैं। जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत ने बताया कि नियम 358 के तहत जेल अधीक्षक,पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर की रिपोर्ट के बाद दंडादेश बोर्ड की अनुशंसा के आधार पर समय पूर्व रिहाई की कार्रवाई की जाती है। इस प्रक्रिया के तहत आठ आजीवन कारावास के कैदियों को रिहा किया गया है। उन्होंने बताया कि रिहा किए गए कैदियों ने जेल में रहते हुए विभिन्न शाखाओं में काम किया। उनके कार्य के आधार पर अनुभव प्रमाण पत्र और पारिश्रमिक भी प्रदान किया गया है। जेल अधीक्षक ने कहा कि कैदियों की रिहाई का पल उनके साथ जेल प्रशासन के लिए भी भावुक होता है। लंबे समय तक जेल में रहने के दौरान कैदी विभिन्न शाखाओं में काम करते हैं और जेल की व्यवस्थाओं में सहयोग करते हैं। अच्छे आचरण के आधार पर रिहाई मिलने से उन्हें शेष जीवन परिवार के साथ बेहतर तरीके से बिताने का अवसर मिलता है।
15 साल बाद घर लौटे ओमप्रकाश
हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे सीतापुर के ग्राम कोटछाल निवासी ओमप्रकाश धनकी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रिहा होने की खुशी है। करीब 15 वर्ष पूर्व जाने-अनजाने में हुई गलती का उसे पछतावा है। मृतक की आत्मा की शांति की कामना करते हुए वह भावुक हो गया। उसने कहा कि अब कभी ऐसी गलती नहीं करने का प्रयास रहेगा और परिवार के साथ शेष जीवन बिताएगा। कोटछाल निवासी मुकेश धनकी ने बताया कि हत्या के मामले में करीब 15 साल की सजा काटने के बाद अब घर लौट रहा है। उसने कहा कि शासन की योजना का लाभ मिलने से वह खुश है। पूर्व में सरपंच रह चुके मुकेश ने कहा कि अब परिवार के साथ खेती-बाड़ी कर शेष जीवन शांतिपूर्वक बिताएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur