संवाददाता-
बसंतपुर/बलरामपुर,12 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। मवेशी क्रूरता एवं तस्करी के मामले में बसंतपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। दोनों आरोपियों की भूमिका 4 अगस्त को बूचड़खाने ले जाए जा रहे 5 मवेशियों के मामले में सामने आई थी। पुलिस के अनुसार 4 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 5 भैंसों को उत्तर प्रदेश के बूचड़खाने में बिक्री के लिए क्रूरतापूर्वक हांककर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी उमेश यादव के कब्जे से पांचों मवेशियों को मुक्त कराया था। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पूछताछ में उमेश यादव से मिली जानकारी के आधार पर सद्दाम खान (32), निवासी पोखरा, थाना बभनी, उत्तर प्रदेश और नंदलाल गोड़ (27),निवासी बहुलापाठ,थाना बसंतपुर की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने 12 अगस्त को दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सद्दाम खान ने मवेशियों को हांककर ले जाने की बात स्वीकार की, जबकि नंदलाल गोड़ द्वारा मवेशियों को खरीदकर अपने घर में रखने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने पर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 एवं छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur