-संवाददाता-
सरहरी,12 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरहरी में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वच्छता, जल संरक्षण,वृक्षारोपण,हरित परिसर एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण का प्रभावी संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत रंगोली प्रतियोगिता से हुई। कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं ने विभिन्न समूहों में पर्यावरण संरक्षण की थीम पर आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियां तैयार कीं। रंग-बिरंगे प्राकृतिक एवं पारंपरिक रंगों से सजी इन रंगोलियों में ‘पेड़ लगाओ-पर्यावरण बचाओ’, ‘जल है तो कल है’, ‘स्वच्छ विद्यालय-स्वस्थ जीवन’ तथा ‘प्लास्टिक मुक्त परिसर’ जैसे संदेशों को बेहद सुंदर ढंग से उकेरा गया। रंगोलियों ने विद्यालय परिसर की सुंदरता बढ़ाने के साथ उपस्थित लोगों का ध्यान भी अपनी ओर आकर्षित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य दिलीप कुमार तिवारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में बचपन से ही पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना जरूरी है, क्योंकि यही विद्यार्थी भविष्य में समाज में जागरूकता के वाहक बनेंगे। कार्यक्रम का संचालन श्री अविनाश तिवारी ने किया। उन्होंने स्वच्छता को स्वस्थ जीवन और जिम्मेदार नागरिकता का आधार बताते हुए विद्यार्थियों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने,कचरे का उचित निपटान करने,पानी की बर्बादी रोकने तथा अपने आसपास अधिक से अधिक हरियाली विकसित करने का संकल्प लेने की अपील की। वहीं व्याख्याता निशा तिवारी ने भी विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि प्रकृति हमें जीवन के लिए आवश्यक वायु, जल और विभिन्न संसाधन उपलब्ध कराती है,इसलिए प्रकृति की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।इसके बाद आयोजित भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, प्रदूषण नियंत्रण और प्लास्टिक के दुष्प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों के वक्तव्यों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता, जागरूकता और जिम्मेदारी साफ दिखाई दी। भाषण प्रतियोगिता का संचालन छात्रा दीपाली पटेल ने सुंदर एवं प्रभावी ढंग से किया।
रंगोलियों में दिखी पर्यावरण बचाने की सोच
रंगोली प्रतियोगिता में छात्राओं की रचनात्मकता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। रंगों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जिस खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया, उसने सभी का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर में सजी रंगोलियों ने न केवल आयोजन की शोभा बढ़ाई, बल्कि विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का भी कार्य किया। कार्यक्रम में प्राचार्य दिलीप कुमार तिवारी, व्याख्याता निशा तिवारी, सुनीता सिंह, श् शशि पटवा, विजय भारती, अलेक्सिस कुजूर, जेफरियुस कुजूर, रुक्मणी, प्रवीण टोप्पो रूपा सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति प्रेम, स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और समाज के प्रति जागरूक नागरिक बनने की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय परिवार ने स्पष्ट संदेश दिया कि स्वच्छ विद्यालय, स्वच्छ समाज और सुरक्षित पर्यावरण का निर्माण तभी संभव है, जब हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए इसमें सक्रिय सहभागिता निभाए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur