रेणुका नदी के छठ घाट से जल लेकर 25 किमी की पदयात्रा पर निकलेंगे कांवरिए,रास्तेभर जलपान और भोजन की रहेगी व्यवस्था
-संवाददाता-
सूरजपुर,12 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। सावन के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली जमड़ी धाम कांवड़ पदयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं, आगामी 16 अगस्त को सुबह 6 बजे सूरजपुर स्थित पावन रेणुका नदी के छठ घाट से कांवडि़ए जल लेकर ऐतिहासिक जमड़ी धाम के लिए रवाना होंगे, करीब 25 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में सूरजपुर शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है।
श्रावण मास में नागपंचमी के एक दिन पूर्व आयोजित होने वाली इस धार्मिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है, मां दुर्गे स्वाभिमान युवा कल्याण समिति के तत्वावधान में आयोजित कांवड़ यात्रा को लेकर छठ घाट से लेकर जमड़ी धाम तक मार्ग में आवश्यक व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली गई हैं, कांवरियों की सुविधा के लिए जगह-जगह जलपान,नाश्ता और भोजन की व्यवस्था की गई है।
झांकियों के साथ होगा भव्य जागरण- कांवड़ यात्रा के साथ 16 अगस्त को जमड़ी धाम में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा, आयोजन में मध्यप्रदेश से विशेष रूप से आकर्षक धार्मिक झांकियां लाई जाएंगी,इसके अलावा रात्रि में भगवान भोलेनाथ के विशाल जागरण का आयोजन होगा, मां बागेश्वरी जागरण मंच (बीजेएम म्यूजिकल ग्रुप) के तत्वावधान में होने वाले जागरण में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध गायक विवेक शर्मा,भोजपुरी के मशहूर गायक पियूष राज,अविनाश पुरी,अंजली गंगवाल तथा लव मी इंडिया फेम स्तुति जायसवाल अपनी प्रस्तुतियां देंगे,भक्ति संगीत और भजनों की प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु पूरी रात भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर रहेंगे, प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी विशाल शिवलिंग की स्थापना कर उसका भव्य पुष्प श्रृंगार किया जाएगा,धार्मिक झांकियां और भक्ति संगीत कार्यक्रम आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
2010 में शुरू हुई थी कांवड़ यात्रा की परंपरा- जमड़ी धाम कांवड़ पदयात्रा की शुरुआत वर्ष 2010 में मां दुर्गे स्वाभिमान युवा कल्याण समिति से जुड़े युवाओं ने की थी, उस समय कुछ युवाओं द्वारा शुरू की गई करीब 25 किलोमीटर की यह धार्मिक यात्रा धीरे-धीरे एक बड़े धार्मिक आयोजन का रूप ले चुकी है, शुरुआत में सीमित संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल होते थे,लेकिन समय के साथ इसमें भाग लेने वाले शिवभक्तों की संख्या लगातार बढ़ती गई,अब सूरजपुर शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बच्चे, युवा,महिलाएं और बुजुर्ग भी उत्साह के साथ कांवड़ यात्रा में शामिल होते हैं,कांवडि़ए रेणुका नदी से जल लेकर भगवान भोलेनाथ के जयघोष और ‘बोल बम’ के नारों के साथ जमड़ी धाम पहुंचते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं,धार्मिक आस्था और सामूहिक सहभागिता के कारण यह यात्रा अब क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल हो गई है, समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कांवड़ यात्रा में शामिल होने, भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
जगह-जगह श्रद्धालुओं की सेवा के लिए तैयारियां-
कांवडि़यों की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और सहयोगियों की ओर से सेवाभाव से व्यवस्थाएं की गई हैं, महंगवा में बजरंग राजवाड़े एवं साथी, पर्री में आत्मा साहू एवं साथी तथा अग्रवाल परिवार, उचड़ीह में दीपक साहू एवं साथी, बसदई में बसदई चौकी तथा करकोटी में रजनीश पांडे एवं साथी द्वारा जलपान की व्यवस्था की जाएगी, जमड़ी मंदिर के पास शाम के नाश्ते की व्यवस्था अमरदीप सोनी, मंदिर में सुबह के नाश्ते की व्यवस्था दिनेश गुप्ता, प्रसाद की व्यवस्था मुकेश साहू तथा रात्रि में कांवरियों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था सूरजपुर के जिंदिया परिवार की ओर से की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur