लुचकी घाट से खरसिया नाका और गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक बनेगी सीसी रोड,जल निकासी की भी होगी व्यवस्था

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 अगस्त 2026 (घटती-घटना)। भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक सडक की जर्जर स्थिति और जलभराव का वीडियो आम नागरिकों ने सांसद चिंतामणि महाराज को भेजा था। सांसद ने दिल्ली में संसद सत्र में रहते हुए वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा किया और सरगुजा कलेक्टर व एनएच अधिकारियों को सडक का निरीक्षण कर शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए थे। इसके बाद कलेक्टर ने मौके का निरीक्षण किया।
बुधवार को कलेक्टर अजीत वसंत ने खरसिया नाका चौक पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से प्रस्तावित सडक निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और जल्द काम शुरू कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि केवल सडक बनाने
से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, इसलिए जल निकासी की समुचित व्यवस्था भी साथ में की जाए।
कलेक्टर ने अंबिकापुर एसडीएम को जल निकासी के लिए शासकीय भूमि का सर्वे कराने के निर्देश दिए। साथ ही जल संसाधन विभाग की नहर और आसपास के क्षेत्रों में अतिक्रमण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। जलभराव वाले स्थानों का तकनीकी परीक्षण कर प्रभावी ड्रेनेज के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता आरडी ताम्रे ने बताया कि लुचकी घाट से खरसिया नाका चौक तक और गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक सीसी रोड बनाई जाएगी। सडक निर्माण के साथ बारिश के पानी की निकासी के लिए आवश्यक कार्य भी किए जाएंगे।
सीसी रोड निर्माण की तैयारी पूरी : बारिश होते ही जलभराव से जूझने वाले खरसिया नाका क्षेत्र की समस्या दूर करने के लिए अब सडक निर्माण के साथ जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी। लुचकी घाट से खरसिया नाका चौक तक तथा गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक सीसी रोड निर्माण की तैयारी पूरी हो चुकी है। निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और ठेका अंबिकापुर के मेसर्स जवाहरलाल गुप्ता को मिला है।
तकनीकी मानकों के अनुसार निर्माण के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को सडक और जल निकासी के कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने तथा निर्माण की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर सुनील नायक,एसडीएम बनसिंह नेताम,एनएच एसडीओ निखिल लकड़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur