स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने लगाए भारत माता और अमर शहीदों के जयकारे, विधायक सहित जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी हुए शामिल
-संवाददाता-
राजपुर,11 अगस्त 202६ (घटती-घटना)। स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देने और देशभक्ति की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से राजपुर में स्कूल एवं कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। क्षेत्रीय विधायक उदेश्वरी पैकरा की उपस्थिति में आयोजित इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों,प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ राजपुर स्कूल ग्राउंड से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर निकले छात्र-छात्राओं ने नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी चौक तक यात्रा निकाली। इस दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और अमर शहीदों के जयकारे लगाते हुए देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा गांधी चौक से आगे बढ़ते हुए सरगुजा पेट्रोल पंप पहुंची और इसके बाद वापस स्कूल ग्राउंड पहुंचकर यात्रा का समापन किया गया। पूरे मार्ग में तिरंगे के साथ विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह, जनपद अध्यक्ष विनय भगत,राजपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष,एसडीएम देवेंद्र प्रधान,तहसीलदार नरेंद्र कंवर, टी. करोड़ोपन अधिकारी सिमोन खेस,मनरेगा अधिकारी एम.एस. सिदार एवं थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए। यात्रा के दौरान पुलिस एवं यातायात अमले ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली। विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओतप्रोत तिरंगा यात्रा ने नगरवासियों में भी उत्साह का माहौल बना दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur